शुक्रवार, 21 अगस्त 202611:50:50 PM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

सिनसिनाटी ओपन : सेमीफाइनल में पहुंची स्वियाटेक, टखने की चोट ने रोकी रयबाकिना की रफ्तार, विश्व नं.-1 की रेस भी बदली

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 21, 2026
06:45 AM
सेमीफाइनल में पहुंची स्वियाटेक, टखने की चोट ने रोकी रयबाकिना की रफ्तार, विश्व नं.-1 की रेस भी बदली

सिनसिनाटी। सिनसिनाटी ओपन के क्वार्टर फाइनल में एलेना रयबाकिना और इगा स्वियाटेक के बीच मुकाबला उस समय अचानक खत्म हो गया, जब रयबाकिना को बाएं टखने में परेशानी के कारण मैच से हटना पड़ा। मुकाबले में स्वियाटेक 4-1 से आगे चल रही थीं और रयबाकिना अपनी सर्विस पर 40-15 की स्थिति में थीं। इसी दौरान एक गलत मूवमेंट के बाद उनकी परेशानी बढ़ गई। रयबाकिना एक रैली पूरी करने के लिए नेट की ओर बढ़ीं, लेकिन उसके बाद उनके लिए आगे खेलना मुश्किल हो गया।

सर्व करने और चलने में भी होने लगा दर्द

अगले अंक पर रयबाकिना अपनी पहली सर्विस को पूरी ताकत से नहीं लगा सकीं। इसके बाद मेडिकल जांच के लिए खेल कुछ देर रोका गया। जांच के बाद भी जब दर्द कम नहीं हुआ तो उन्होंने मुकाबला जारी रखने के बजाय कोर्ट छोड़ने का फैसला किया।

रयबाकिना ने बताया कि वह सर्विस के दौरान पैर पर ठीक से जोर नहीं लगा पा रही थीं और चलने में भी दर्द हो रहा था। उन्होंने कहा कि एमआरआई के बाद चोट की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

पुरानी परेशानी के बीच गलत लैंडिंग ने बढ़ाई मुश्किल

रयबाकिना ने बताया कि टखने की समस्या उन्हें पहले से परेशान कर रही थी। कनाडा में लगातार मुकाबले खेलने और सिनसिनाटी में भी दो मैच खेलने के बाद उन्हें लगा था कि वह इस मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार हैं। लेकिन मैच के दौरान एक गलत मूवमेंट और लैंडिंग के बाद अचानक दर्द बढ़ गया। अब उनकी नजर चोट की जांच पर है, क्योंकि आगे उनके लिए बेहद अहम टूर्नामेंट इंतजार कर रहा है।

विश्व नंबर-1 बनने का सपना भी टला

रयबाकिना के मैच से हटने का असर सिर्फ सिनसिनाटी ओपन तक सीमित नहीं रहा। आर्यना सबालेंका के चैथे दौर में हारने के बाद रयबाकिना के पास विश्व नंबर-1 रैंकिंग हासिल करने का शानदार मौका था। इसके लिए उन्हें सिनसिनाटी ओपन के फाइनल तक पहुंचना जरूरी था। हालांकि चोट के कारण उनका सफर क्वार्टर फाइनल में ही समाप्त हो गया। अब सबालेंका अगले सप्ताह होने वाले यूएस ओपन में शीर्ष रैंकिंग बरकरार रखेंगी।

स्वियाटेक ने जीत से ज्यादा स्वास्थ्य को दी तवज्जो

रयबाकिना के हटने के बाद स्वियाटेक सेमीफाइनल में पहुंच गईं। हालांकि उन्होंने इस जीत को लेकर खुशी जताने के बजाय रयबाकिना की चोट पर चिंता व्यक्त की। स्वियाटेक ने कहा कि यूएस ओपन बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन खिलाड़ी का स्वास्थ्य उससे भी ज्यादा जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रयबाकिना जल्द फिट होकर वापसी करेंगी।

अब स्वियाटेक की नजर सेमीफाइनल पर है, जहां उनका सामना जेसिका पेगुला से होगा। वहीं रयबाकिना के लिए सबसे बड़ा सवाल अब यह है कि चोट कितनी गंभीर है और क्या वह यूएस ओपन के लिए समय पर पूरी तरह फिट हो पाएंगी।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें