श्योपुर : तहसीलदार खींचती रहीं फोटो, फरियादी की मौत, जनसुनवाई में बुजुर्ग की मौत से बवाल, विपक्ष ने साधा सरकार पर निशाना

मध्यप्रदेश के श्योपुर कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई के दौरान एक ऐसी दर्दनाक घटना हुई.जिसने प्रशासनिक संवेदनशीलता पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.न्याय की उम्मीद लेकर पहुंचे बुजुर्ग देवेंद्र गोयल ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया...इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. आरोप है कि फरियादी तड़पता रहा और मौके पर मौजूद अधिकारी मोबाइल से फोटो खींचते रहे... अब इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सियासत भी गरमा गई है.दरअसल श्योपुर कलेक्ट्रेट में हर मंगलवार की तरह जनसुनवाई चल रही थी. लोग अपनी समस्याएं लेकर अधिकारियों के सामने पहुंच रहे थे.इसी बीच देवेंद्र गोयल नाम के एक बुजुर्ग भी अपनी शिकायत लेकर जनसुनवाई में पहुंचे.बताया जा रहा है कि वे लंबे समय से अपनी दुकान पर कब्जे को लेकर परेशान थे और कई बार प्रशासन से शिकायत कर चुके थे.लेकिन जब कहीं सुनवाई नहीं हुई तो वो मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गए... आरोप है कि जनसुनवाई के दौरान ही देवेंद्र गोयल ने जहरीला पदार्थ खा लिया.कुछ ही देर में उनकी हालत बिगड़ने लगी और वो जमीन पर गिर पड़े… प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि मौके पर मौजूद अधिकारियों ने तत्काल मदद पहुंचाने के बजाय उनसे सवाल-जवाब किए और मोबाइल से फोटो खींचते रहे...हालांकि बाद में मौजूद लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया.जिला अस्पताल में इलाज के दौरान देवेंद्र गोयल की मौत हो गई...घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है...परिजनों का कहना है कि अगर समय रहते उनकी शिकायत पर कार्रवाई होती तो शायद आज उनकी जान बच सकती थी...सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लोग प्रशासन की संवेदनहीनता पर सवाल उठा रहे हैं.इस मामले ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है.उमंग सिंघार नेता प्रतिपक्ष ने ट्विटर करते हुए इसे “सरकारी हत्या” बताते हुए सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं

वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी घटना को लेकर एक्स पर पोस्ट किया है और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है

वहीं प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है.पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है… श्योपुर की यह घटना एक बार फिर सवाल खड़े कर रही है कि आखिर जनसुनवाई में फरियाद लेकर पहुंचने वाले लोगों को न्याय कब मिलेगा... और क्या प्रशासनिक तंत्र आम लोगों की पीड़ा को समय रहते समझ पाएगा.
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
