मनीला में पीएम मोदी का ऐतिहासिक स्वागत : भारत माता की जयकारों से गूंजा एयरपोर्ट, भारतीयों ने संस्कृति के श्लोकों से किया अभिनंदन

मनीला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो दिवसीय फिलीपींस यात्रा पर मनीला पहुंच गए हैं। मनीला इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर पीएम मोदी की आगवानी फिलीपींस के सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव रॉबर्ट जोसेफ मोंटेस डी क्लारो ने की। इस दौरान भारतीय समुदाय के लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पीएम मोदी को देखते ही लोगों ने मोदी-मोदी और भारत माता की जय के नारे लगाने शुरू कर दिए।
संस्कृत श्लोकों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुआ स्वागत
प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए मनीला में विशेष तैयारियां की गई थीं। बच्चों ने संस्कृत के श्लोकों का पाठ कर उनका अभिनंदन किया। वहीं, कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर भारतीय संस्कृति की खूबसूरत झलक दिखाई। स्वागत स्थल पर रंगोली भी बनाई गई थी। प्रधानमंत्री ने वहां मौजूद लोगों से हाथ मिलाया और उनका अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान भारतीय समुदाय के लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
आसियान-भारत संबंधों को मिलेगी नई मजबूती
प्रधानमंत्री मोदी 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए फिलीपींस पहुंचे हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि यह यात्रा भारत की एक्ट ईस्ट नीति और इंडो-पैसिफिक विजन के तहत आसियान के साथ साझेदारी को और मजबूत करेगी।
आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा होगी। इसके साथ ही आसियान-भारत कार्य योजना 2026-2030 के क्रियान्वयन और भविष्य में सहयोग की दिशा पर भी चर्चा की जाएगी।
समुद्री सहयोग और व्यापार पर रहेगा विशेष जोर
भारत और आसियान वर्ष 2026 को समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मना रहे हैं। वहीं, वर्ष 2027 में दोनों के बीच संवाद संबंधों के 35 वर्ष और व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच वर्ष पूरे होंगे। ऐसे में प्रधानमंत्री की यह यात्रा क्षेत्रीय सहयोग के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, आसियान भारत का एक प्रमुख व्यापारिक साझेदार बनकर उभरा है। पूरे क्षेत्र के साथ भारत का व्यापार लगभग 122 अरब डॉलर का है।
फिलीपींस के राष्ट्रपति देंगे विशेष रात्रिभोज
मनीला प्रवास के दौरान फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर प्रधानमंत्री मोदी और अन्य गणमान्य अतिथियों के सम्मान में रात्रिभोज आयोजित करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री आसियान-भारत और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलनों में भाग लेंगे। यात्रा के दौरान अन्य देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकों का भी कार्यक्रम है।
इस दौरे से भारत और आसियान देशों के बीच व्यापार, समुद्री सुरक्षा, तकनीक और रणनीतिक सहयोग को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
