प्याज फिर निकालेगी आंसू! : महंगाई की मार और बढ़ेगी! प्याज हो सकता है महंगा, सरकार ने बढ़ाई खरीद कीमत, कई सब्जियों के दाम पहले ही आसमान पर

देशभर में बढ़ती महंगाई से परेशान आम लोगों को जल्द ही एक और झटका लग सकता है। रसोई का अहम हिस्सा माने जाने वाले प्याज की कीमतों में आने वाले दिनों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। इसकी वजह सरकार द्वारा किसानों से प्याज खरीदने की दर में किया गया इजाफा है।
हाल ही में जारी आंकड़ों के अनुसार देश की खुदरा महंगाई दर बढ़कर 3.93 प्रतिशत पर पहुंच गई है। ऐसे में खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी लोगों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ डाल सकती है।
किसानों को राहत देने और बफर स्टॉक तैयार करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने प्याज खरीद की दर 15.80 रुपये प्रति किलो से बढ़ाकर 16.50 रुपये प्रति किलो कर दी है। नई दरें शनिवार से लागू होंगी। माना जा रहा है कि सरकारी खरीद मूल्य बढ़ने का असर आने वाले समय में खुदरा बाजार पर भी पड़ सकता है, जिससे उपभोक्ताओं को प्याज महंगे दामों पर खरीदना पड़ सकता है।
हालांकि इस फैसले के बावजूद महाराष्ट्र के प्याज उत्पादक किसान संतुष्ट नहीं हैं। किसानों का कहना है कि बीज, खाद, कीटनाशक और मजदूरी जैसी लागतों में लगातार बढ़ोतरी हुई है, इसलिए सरकार को कम से कम 30 रुपये प्रति किलो की दर से खरीद करनी चाहिए।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि किसानों की मांग के अनुरूप खरीद मूल्य में बड़ी बढ़ोतरी की जाती है, तो इसका सीधा असर बाजार भाव पर पड़ेगा और प्याज की कीमतें काफी ऊपर जा सकती हैं। इससे आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ने की आशंका है।
इससे पहले ही कई सब्जियों के दाम लोगों की जेब पर भारी पड़ रहे हैं। मई महीने में टमाटर की कीमतों में 48.43 प्रतिशत और अदरक की कीमतों में 32.49 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ऐसे में प्याज की संभावित महंगाई आम परिवारों की चिंता और बढ़ा सकती है।
वहीं वैश्विक स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनिश्चितता का असर भी भारतीय अर्थव्यवस्था पर दिखाई दे रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले महीनों में महंगाई का दबाव और बढ़ सकता है, जिससे खाद्य पदार्थों की कीमतों पर असर पड़ने की संभावना बनी हुई है।
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
