शनिवार, 25 जुलाई 202610:59:45 PM
Download App
Home/देश

उपचुनाव : देशभर में सिमट रही पार्टी को अब दतिया से भी करना है साफ, सीएम मोहन का कांग्रेस पर तीखा हमला, केन-बेतवा परियोजना को बताया बुंदेलखंड के लिए गेमचेंजर

admin

admin

Jul 25, 2026
03:54 PM
देशभर में सिमट रही पार्टी को अब दतिया से भी करना है साफ, सीएम मोहन का कांग्रेस पर तीखा हमला, केन-बेतवा परियोजना को बताया बुंदेलखंड के लिए गेमचेंजर

दतिया/ग्वालियर। दतिया विधानसभा उपचुनाव में चुनाव प्रचार के दौरान भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर हमले तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उदगुवा और उपराय में जनसभाओं के साथ प्रबुद्धजनों और व्यापारियों की बैठकों को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने उपचुनाव को विकास बनाम कांग्रेस की राजनीति की लड़ाई बताते हुए मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह कांग्रेस देशभर में सिमटती जा रही है, उसी तरह अब उसे दतिया से भी पूरी तरह बाहर करना है।

विकास बनाम कांग्रेस की राजनीति का मुद्दा

मुख्यमंत्री ने कहा कि दतिया का उपचुनाव केवल विधायक चुनने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के विकास को नई गति देने का अवसर है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक विकास कार्यों को बाधित किया और जनता को भ्रमित करने की राजनीति की। डॉ. यादव ने कहा कि भाजपा जो वादा करती है, उसे पूरा करने का प्रयास भी करती है। उन्होंने मतदाताओं से विकास और जनकल्याण के पक्ष में मतदान करने का आह्वान किया।

केन-बेतवा परियोजना को बताया बुंदेलखंड के लिए गेमचेंजर

मुख्यमंत्री ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण को सरकार ने प्राथमिकता दी है। उन्होंने लगभग एक लाख करोड़ रुपये की लागत वाली केन-बेतवा लिंक परियोजना को बुंदेलखंड के लिए ऐतिहासिक बताया। मुख्यमंत्री के अनुसार, परियोजना से क्षेत्र में सिंचाई और पेयजल की सुविधाओं को मजबूती मिलेगी तथा कृषि और बुनियादी ढांचे के विकास को भी गति मिलेगी। इसका लाभ दतिया सहित बुंदेलखंड के अन्य क्षेत्रों को भी मिलने की उम्मीद है।

रोजगार और स्वास्थ्य सुविधाओं पर सरकार का फोकस

डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में पुलिस सहित विभिन्न विभागों में भर्तियों की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। कर्मचारियों से जुड़े लंबित पदोन्नति मामलों के निराकरण का भी दावा उन्होंने किया। उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर एयर एंबुलेंस जैसी सुविधाएं भी मुहैया कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कृषि, दुग्ध उत्पादन और रोजगार के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसके कार्यकाल में विकास की गति प्रभावित हुई और जनता को केवल वादों तक सीमित रखा गया।

राम मंदिर के मुद्दे पर राहुल गांधी को घेरा

चुनावी सभा में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के वैचारिक रुख पर भी सवाल उठाए। उन्होंने राहुल गांधी सहित कांग्रेस के शीर्ष नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने अभी तक अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन नहीं किए हैं। डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े धार्मिक स्थलों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

‘हम तीन नहीं, 111 हैं’ का दिया संदेश

मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी, वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा और स्वयं का जिक्र करते हुए कहा, ‘हम तीन नहीं, 111 हैं।’ उन्होंने इसे भाजपा की एकजुटता और संगठन की ताकत का प्रतीक बताते हुए कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में जुटने का आह्वान किया। इस दौरान मौजूद कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के बयान का जोरदार समर्थन किया।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें