गुजरातियों के प्रति मेरे मन में सर्वोच्च सम्मान : विवादित बयान पर खड़गे ने ऐसे प्रकट किया खेद

नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को अपने उस बयान पर खेद प्रकट किया है, जिसमें उन्होंने केरल में एक चुनावी रैली के दौरान गुजरात के लोगों को लेकर विवादित टिप्पणी की थी।
उन्होंने कहा कि गुजरात के लोगों की भावनाओं को आहत करना मेरा उद्देश्य नहीं था। गुजरात के लोगों के प्रति मेरे मन में हमेशा सर्वोच्च सम्मान रहेगा। मल्लिकार्जुन खड़गे ने ये भी आरोप लगाया कि मेरी कुछ बातों को जानबूझकर गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।
लोगों की भावनाओं को आहत करना नहीं था मेरा उद्देश्य
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, हाल ही में केरल में दिए गए मेरे एक चुनावी भाषण की कुछ टिप्पणियों को जानबूझकर गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। फिर भी, मैं अपनी तरफ से जिम्मेदारी के साथ खेद व्यक्त करता हूं। उन्होंने आगे लिखा, गुजरात के लोगों के प्रति मेरे मन में हमेशा सर्वोच्च सम्मान रहा है और हमेशा रहेगा। वहां के लोगों की भावनाओं को आहत करना मेरा कभी उद्देश्य नहीं था।
केरल में चुनाव प्रचार के दौरान खड़गे ने की थी विवादित टिप्पणी
बता दें कि केरल में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुजरात के लोगों पर विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने अपने भाषण में कहा था, केरल के लोग शिक्षित और समझदार हैं और उन्हें गुमराह नहीं किया जा सकता। आप (भाजपा) गुजरात या दूसरी जगहों के उन लोगों को बेवकूफ बना सकते हैं जो अनपढ़ हैं, लेकिन आप केरल के लोगों को बेवकूफ नहीं बना सकते।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
