बुधवार, 5 अगस्त 202610:41:08 PM
Download App
Home/देश

रास्ता नहीं खुला तो होगी बड़ी कार्रवाई : होर्मुज पर ट्रंप का ईरान को अल्टीमेटम, कहा- तेहरान के पास फैसला लेने अंतिम मौका

admin

admin

Aug 05, 2026
07:10 AM
होर्मुज पर ट्रंप का ईरान को अल्टीमेटम, कहा- तेहरान के पास फैसला लेने अंतिम मौका

वाशिंगटन। होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि होर्मुज जलडमरूमध्य जल्द नहीं खोला गया तो अमेरिका कड़ी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा। फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू और बाद में ओवल ऑफिस में मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि ईरान के पास फैसला लेने का आखिरी मौका है।

होर्मुज खोलो, नहीं तो कार्रवाई तय

ट्रंप ने कहा कि अमेरिका चाहता है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में सामान्य आवाजाही बहाल हो। उन्होंने कहा, ईरान को जल्द फैसला लेना होगा। यह कोई जटिल मुद्दा नहीं है। हम सिर्फ होर्मुज स्ट्रेट को खोलने की बात कर रहे हैं। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत चल रही है और समाधान की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

ईरान ने ट्रंप के दावे को बताया गलत

अमेरिकी दावे के तुरंत बाद ईरान ने स्पष्ट किया कि फिलहाल अमेरिका के साथ किसी तरह की कोई वार्ता नहीं हो रही है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने तेहरान में प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि अमेरिका के साथ बातचीत की खबरें पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने बताया कि विदेश मंत्री अब्बास अराघची फिलहाल इराक के दौरे पर हैं, जबकि अन्य वार्ताकार ईरान में ही मौजूद हैं।

सोशल मीडिया पर भी आमने-सामने

ईरान के इनकार के बाद ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच श्ट्रुथ सोशलश् पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि ईरानी नेतृत्व दोहरा रवैया अपना रहा है। उनके अनुसार, एक तरफ ईरान बातचीत की इच्छा जताता है और दूसरी ओर सार्वजनिक रूप से वार्ता से इनकार करता है। ट्रंप ने कहा कि यह विरोधाभासी रुख हालात को और जटिल बना रहा है।

ओमान के साथ संपर्क में ईरान

इस्माइल बकाई ने बताया कि ईरान फिलहाल होर्मुज जलडमरूमध्य के सामने स्थित ओमान के साथ समुद्री सुरक्षा को लेकर बातचीत कर रहा है। उनके मुताबिक यह एक अस्थायी व्यवस्था है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में नौवहन को सुरक्षित बनाए रखना है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस बातचीत में किसी तीसरे देश की कोई भूमिका नहीं है।

तनाव पर दुनिया की नजर

ट्रंप ने दावा किया कि ईरान संभावित अमेरिकी कार्रवाई की आशंका से दबाव में है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि हालात नहीं बदले तो अमेरिका बेहद कठोर कदम उठा सकता है। होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल आपूर्ति का प्रमुख मार्ग माना जाता है, इसलिए इस क्षेत्र में बढ़ता तनाव पूरी दुनिया की चिंता का विषय बना हुआ है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें