पुलवामा हमले का मास्टरमाइंड हमजा बुरहान ढेर? : मुजफ्फराबाद में अज्ञात हमलावरों ने गोलियों से भूना, आतंकी नेटवर्क में मचा हड़कंप

नई दिल्ली। आतंक की दुनिया से एक बड़ी खबर सामने आई है। 2019 के पुलवामा आतंकी हमले के प्रमुख साजिशकर्ताओं में से एक हमजा बुरहान को पाकिस्तान में अज्ञात हमलावरों ने ढेर कर दिया है। सूत्रों के अनुसार यह घटना पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के मुजफ्फराबाद शहर में हुई, जहां उसे उसके कथित ऑफिस में निशाना बनाया गया।
बता दें कि 14 फरवरी 2019 को हुआ वह भयावह आतंकी हमला था, जिसमें सीआरपीएफ के काफिले को निशाना बनाया गया था और 40 से अधिक जवान शहीद हो गए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक हमले के समय हमजा बुरहान अपने दफ्तर में मौजूद था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। बताया जा रहा है कि हमले के बाद मौके पर ही उसकी मौत हो गई, हालांकि अभी तक किसी आधिकारिक एजेंसी ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
पाकिस्तान में खुद को शिक्षक के रूप में पेश करता हमजा
सूत्रों का यह भी दावा है कि हमजा बुरहान खुद को पाकिस्तान में एक शिक्षक के रूप में पेश करता था, ताकि वह अपनी असली गतिविधियों पर पर्दा डाल सके। लेकिन पर्दे के पीछे वह आतंकी नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और कथित रूप से कई आतंकी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।
आतंकी नेटवर्क के लिए बड़ा झटका
जानकारी के अनुसार, वह मुजफ्फराबाद जैसे संवेदनशील इलाके में सक्रिय रहकर आतंकियों को ट्रेनिंग देने और सीमा पार घुसपैठ की योजनाओं को आगे बढ़ाने में शामिल था। कई सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे टारगेटेड हमले क्षेत्र में सक्रिय आतंकी नेटवर्क के लिए बड़ा झटका साबित हो सकते हैं।
आतंकी संगठनों के बीच मची खलबली
मुज्जफराबाद में हुई इस कथित घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों और आतंकी संगठनों के बीच खलबली मच गई है। हालांकि, अभी तक पाकिस्तान या किसी अंतरराष्ट्रीय एजेंसी की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फिलहाल इस पूरे मामले की पुष्टि और जांच का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन अगर रिपोर्ट्स सही साबित होती हैं, तो यह आतंकी नेटवर्क के लिए एक बड़ा झटका माना जाएगा।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
