शुक्रवार, 12 जून 202609:34:39 PM
Download App
Home/मनोरंजन

Pranit More Show Controversy : शवों पर टिप्पणी का वीडियो वायरल, विवाद बढ़ने पर डॉक्टर सेजल पवार ने मांगी माफी

ऋषिका जैन

ऋषिका जैन

Jun 11, 2026
09:46 AM
शवों पर टिप्पणी का वीडियो वायरल, विवाद बढ़ने पर डॉक्टर सेजल पवार ने मांगी माफी

स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे के शो से जुड़ा '370 रुपये बिरयानी' विवाद अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब उसी शो का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। वायरल क्लिप में डॉक्टर और कंटेंट क्रिएटर सेजल पवार मेडिकल शिक्षा के दौरान इस्तेमाल होने वाले शवों को लेकर टिप्पणी करती नजर आईं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी नाराजगी जताई और इसे मृत व्यक्तियों तथा बॉडी डोनर्स के प्रति असम्मानजनक बताया। बढ़ते विवाद के बीच अब सेजल पवार ने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है।

वायरल वीडियो से शुरू हुआ विवाद

प्रणित मोरे के शो में बातचीत के दौरान सेजल पवार ने मेडिकल कॉलेज के दिनों से जुड़ा एक अनुभव साझा किया था। उन्होंने बताया था कि मेडिकल पढ़ाई और रिसर्च के दौरान इस्तेमाल होने वाले शवों के अंगों को लेकर छात्र आपस में मजाक किया करते थे। वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने इस टिप्पणी पर आपत्ति जताई और कहा कि इस तरह की बातें बॉडी डोनर्स के सम्मान के खिलाफ हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर बहस शुरू हो गई।

वीडियो वायरल होने के बाद मांगी माफी

विवाद बढ़ने के बाद सेजल पवार ने सोशल मीडिया पर माफ़ी मांगी। उन्होंने कहा कि वीडियो को दोबारा देखने के बाद उन्हें समझ आया कि उनकी बातों से लोग क्यों आहत हुए। सेजल ने माना कि यह एक संवेदनशील विषय है और उनकी टिप्पणी जिस तरह सामने आई, वैसी नहीं होनी चाहिए थी। उन्होंने यह भी कहा कि उनका किसी का अनादर करने का इरादा नहीं था, लेकिन वह समझती हैं कि इरादे से ज्यादा असर मायने रखता है।

कही बात की जिम्मेदारी ली

अपने बयान में सेजल ने साफ कहा कि वह अपनी टिप्पणी का बचाव करने या कोई बहाना बनाने की कोशिश नहीं कर रही हैं। उन्होंने कहा कि वह अपनी कही गई बातों की पूरी जिम्मेदारी लेती हैं और अब उन्हें एहसास है कि उनके शब्दों का अर्थ लोग अलग तरह से निकाल सकते थे। उन्होंने इस घटना को अपने लिए एक सीख बताया और भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसे संवेदनशील विषयों पर अधिक जिम्मेदारी और समझदारी के साथ अपनी बात रखेंगी।

सेजल पवार की पोस्ट।

प्रणित मोरे का नाम भी चर्चा में

इस विवाद के बीच कॉमेडियन प्रणित मोरे भी लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। इससे पहले उनके शो का '370 रुपये बिरयानी' वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहा था। दोनों मामलों के बाद ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर उनकी आलोचना बढ़ गई है। इसी बीच उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भी लोगों को दिखाई नहीं दे रहा, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

ऋषिका जैन
Written By

ऋषिका जैन

दिलचस्प और रोचक खबरों की खोज में रहती हैं। सोशल मीडिया पर चल रही कानाफूसी को न्यूज़ चैनल तक पहुंचाती हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें