'कार्तिक' फेम मोहसिन ने बताया ‘किस्मत का रिश्ता’ : ये रिश्ता क्या कहलाता है के एक्टर मोहसिन खान ने तमन्ना से की सगाई, सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल

मनोरंजन।टीवी इंडस्ट्री के पॉपुलर एक्टर और ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ फेम मोहसिन खान ने अपनी जिंदगी के नए सफर की शुरुआत का ऐलान कर दिया है। मोहसिन खान ने अपनी मंगेतर तमन्ना के साथ सगाई की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। निजी समारोह की इन तस्वीरों के साथ एक्टर ने बेहद भावुक नोट भी लिखा है।
मोहसिन ने अपने पोस्ट में बताया कि रिश्ते की शुरुआत में ही उन्हें महसूस हो गया था कि तमन्ना उनके लिए बेहद खास हैं। उन्होंने इस मुलाकात को किस्मत से जुड़ा हुआ बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि दोनों के परिवारों ने भी इस रिश्ते को पूरे प्यार और गर्मजोशी के साथ अपना आशीर्वाद दिया है।
मोहसिन ने शेयर कीं सगाई की तस्वीरें
मोहसिन खान ने सगाई समारोह की कुछ अनदेखी तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की हैं। तस्वीरों में मोहसिन और तमन्ना बेहद खुश नजर आ रहे हैं। दोनों की तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैन्स और टीवी इंडस्ट्री से जुड़े लोग उन्हें लगातार बधाई दे रहे हैं।
मोहसिन ने अपने नोट में अपने रिश्ते को लेकर भावनाएं जाहिर करते हुए बताया कि उन्हें काफी जल्दी एहसास हो गया था कि तमन्ना ही उनकी ‘अपनी इंसान’ हैं। उनके मुताबिक, तमन्ना से मिलना उन्हें किसी संयोग से ज्यादा किस्मत का हिस्सा लगा।

‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ से मिली बड़ी पहचान
मोहसिन खान को टीवी शो ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में कार्तिक गोयनका का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान मिली। शो में उन्होंने शिवांगी जोशी के साथ काम किया था, जिन्होंने नायरा का किरदार निभाया था।
शो में कार्तिक और नायरा की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया। दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री लंबे समय तक चर्चा में रही और मोहसिन खान टीवी के लोकप्रिय कलाकारों में शामिल हो गए।

कौन हैं मोहसिन खान की मंगेतर तमन्ना?
मोहसिन खान की मंगेतर तमन्ना को लेकर फिलहाल ज्यादा जानकारी सार्वजनिक तौर पर सामने नहीं आई है। मोहसिन ने भी अपने पोस्ट में अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। हालांकि, सगाई की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। फैन्स मोहसिन और तमन्ना की नई जिंदगी की शुरुआत को लेकर काफी उत्साहित हैं और सोशल मीडिया पर दोनों को शुभकामनाएं दे रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुईं तस्वीरें
मोहसिन खान की सगाई की तस्वीरें सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई। फैन्स ने कमेंट्स के जरिए कपल को बधाई दी और उनकी तस्वीरों पर जमकर प्यार बरसाया। मोहसिन खान के लिए यह निजी जिंदगी का एक खास पड़ाव है। अब उनके फैन्स को उनकी शादी की तारीख और समारोह से जुड़ी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
