‘रामदेव क्या है, यह पूरा देश जानता है’ : बृजभूषण और कंगना के बयानों पर योग गुरु ने साधा निशाना, पलटवार से सियासी हलचल तेज

हरिद्वार। ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ सम्मेलन के बाद बाबा रामदेव ने पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह और भाजपा सांसद कंगना रनौत के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी। पत्रकारों ने जब दोनों नेताओं के साथ हुए विवाद को लेकर सवाल किया तो रामदेव ने कहा कि वह इस मामले को आगे नहीं बढ़ाना चाहते। हालांकि, उनका जवाब काफी तल्ख रहा। उन्होंने कहा, “रामदेव क्या है, यह पूरा देश जानता है। मैं ओछे लोगों पर टिप्पणी नहीं करना चाहता।”
बाबा रामदेव हरिद्वार के श्री जी वाटिका में आयोजित ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ सम्मेलन में पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पत्रकारों ने उनसे बृजभूषण शरण सिंह और कंगना रनौत के हालिया बयानों को लेकर सवाल किया। रामदेव ने साफ संकेत दिया कि वह दोनों के साथ चल रहे विवाद को और तूल नहीं देना चाहते। लेकिन ‘ओछे लोगों’ वाली उनकी टिप्पणी ने उनके जवाब को चर्चा में ला दिया।
बृजभूषण ने पूछा था- आंदोलन की क्षमता है?
दरअसल, कुछ दिन पहले बाबा रामदेव ने सरकारी नौकरी के साक्षात्कार में कथित गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था कि अगर हालात नहीं सुधरे तो कहीं ऐसा न हो कि उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़े। उनके इसी बयान पर बृजभूषण शरण सिंह ने तंज कसते हुए सवाल उठाया था कि क्या रामदेव में आंदोलन करने की क्षमता है।
इसके बाद से ही दोनों के बयानों को लेकर चर्चा तेज हो गई थी। अब जब पत्रकारों ने रामदेव से बृजभूषण की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया मांगी तो उन्होंने सीधे तौर पर पलटवार करने के बजाय अपने योगदान और सार्वजनिक पहचान का हवाला दिया।
कंगना से भी हो चुका है जुबानी टकराव
बाबा रामदेव और कंगना रनौत के बीच भी हाल में बयानबाजी देखने को मिली थी। कंगना ने ‘जेन जी’ को लेकर टिप्पणी करते हुए उसे ‘गटर जेनरेशन’ कहा था। इस पर रामदेव ने आपत्ति जताई थी और बाद में कंगना की निजी जिंदगी को लेकर भी टिप्पणी की थी। रामदेव की टिप्पणी पर कंगना ने सोशल मीडिया के जरिए जवाब दिया था। उन्होंने रामदेव से अपनी निजी जिंदगी के बारे में बात नहीं करने को कहा था। इस विवाद ने भी सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोरी थीं।
विवाद पर विराम, लेकिन बयान ने बढ़ाई गर्मी
अब दोनों मामलों पर पूछे गए सवाल के जवाब में रामदेव ने कहा कि वह विवाद को आगे नहीं बढ़ाना चाहते। हालांकि, ‘ओछे लोगों’ वाली टिप्पणी ने साफ कर दिया कि वह अपने ऊपर हुई टिप्पणियों से नाराज हैं। रामदेव का यह बयान ऐसे समय आया है, जब सरकारी भर्तियों, युवाओं और नौकरी के मुद्दों को लेकर बहस तेज है। ऐसे में आंदोलन की चेतावनी, उस पर बृजभूषण की टिप्पणी और फिर रामदेव का पलटवार राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
