शुक्रवार, 21 अगस्त 202611:49:01 PM
Download App
Home/मनोरंजन

बिना लाइफलाइन IIT टॉपर पहुंचे 1 करोड़ के सवाल तक! : KBC 18 में योगेश साहू ने रचा बड़ा रिकॉर्ड

पलक गीते

पलक गीते

Aug 21, 2026
07:45 AM
KBC 18 में योगेश साहू ने रचा बड़ा रिकॉर्ड

Entertainment desk | कौन बनेगा करोड़पति 18 के मंच पर छत्तीसगढ़ के भाटापारा निवासी और IIT-बॉम्बे के टॉपर योगेश साहू ने शानदार खेल दिखाकर सबको चौंका दिया। 23 वर्षीय योगेश बिना किसी लाइफलाइन के 15वें सवाल यानी 1 करोड़ रुपये के सवाल तक पहुंच गए, लेकिन आखिरी सवाल पर उन्होंने रिस्क लेने के बजाय गेम क्विट करना बेहतर समझा और 50 लाख रुपये जीतकर घर लौटे।

1 करोड़ के सवाल पर फंस गए योगेश

अमिताभ बच्चन ने योगेश साहू से साल 1943 में मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में पहली इंडियन डर्बी जीतने वाले घोड़े से जुड़ा सवाल पूछा। सवाल सुनने के बाद योगेश काफी देर तक सोचते रहे, लेकिन उन्हें दिए गए किसी भी जवाब पर पूरा भरोसा नहीं हुआ। आखिरकार उन्होंने करोड़पति बनने का जोखिम न लेते हुए 50 लाख रुपये की सुरक्षित रकम के साथ गेम छोड़ने का फैसला कर लिया।

सवाल की भाषा को लेकर योगेश ने जताई आपत्ति

गेम क्विट करने के बाद योगेश साहू ने कहा कि सवाल पूछने का तरीका उन्हें सही नहीं लगा। उनका कहना था कि अगर सही जवाब ‘प्रिंसेस ब्यूटीफुल’ था, तो सवाल में घोड़े की जगह घोड़ी का जिक्र होना चाहिए था। इसी भाषा ने उन्हें सबसे ज्यादा कन्फ्यूज किया और उन्होंने जवाब का अंदाजा लगाने के बजाय गेम छोड़ना बेहतर समझा।

अमिताभ बच्चन ने बताया सही जवाब

योगेश के गेम छोड़ने के बाद अमिताभ बच्चन ने बताया कि 1 करोड़ रुपये के सवाल का सही जवाब ‘प्रिंसेस ब्यूटीफुल’ था। योगेश से जब अंदाजा लगाने को कहा गया, तो उन्होंने ‘प्रिंस प्रदीप’ चुना था। बिग बी ने बताया कि सही जवाब एक घोड़ी का नाम था। हालांकि, योगेश का मानना रहा कि सवाल की भाषा उन्हें भ्रमित करने वाली लगी।

18 लाख की नौकरी ठुकराकर चुना IAS बनने का सपना

योगेश साहू सिर्फ KBC में शानदार प्रदर्शन के लिए ही नहीं, बल्कि अपने करियर के फैसले को लेकर भी चर्चा में हैं। IIT-बॉम्बे से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के टॉपर योगेश ने कैंपस प्लेसमेंट में करीब 18 लाख रुपये का पैकेज ठुकरा दिया था। उनका सपना IAS अधिकारी बनना है और फिलहाल वह UPSC की तैयारी में जुटे हुए हैं।

50 लाख जीतकर लौटे, लेकिन चर्चा में बना 1 करोड़ का सवाल

बिना किसी लाइफलाइन के 1 करोड़ रुपये के सवाल तक पहुंचना योगेश साहू के लिए बड़ी उपलब्धि रही। भले ही वह करोड़पति बनने से चूक गए, लेकिन 50 लाख रुपये जीतकर उन्होंने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। अब 1 करोड़ के सवाल की भाषा को लेकर योगेश साहू की आपत्ति और उनका गेम क्विट करने का फैसला चर्चा में बना हुआ है।

पलक गीते
Written By

पलक गीते

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें