हिंसा की आग में सुलग रहा बांग्लादेश : यूनुस का पुश्तैनी घर भी भभका, उपद्रवियों ने सांसद के घर को भी नहीं बख्शा

ढाका। भारत का पड़ोसी देश बांग्लादेश इन दिनों हिंसा की आग में सुलग रहा है। अब पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर को भी आग के हवाले कर दिया गया है। इतना ही नहीं गोपालगंज में सांसद केएम बाबर के आवास पर भी हमला, तोड़फोड़ और आगजनी की घटना सामने आई है। राहत की बात यह रही की इन घटनाओं में किसी की जान नहीं गई।
यूनुस के पुश्तैनी घर के खाली कमरे में लगाई आग
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, चटगांव के पंचलैश इलाके में स्थित मुहम्मद यूनुस के पैतृक आवास के भूतल पर बने एक खाली कमरे में बुधवार की रात करीब 11ः30 बजे आग लगा दी गई। पंचलैश पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी मोजम्मेल हक ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि घर के आसपास पुलिस की नियमित गश्त चल रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने इमारत के भूतल पर आग देखी और तत्काल अंदर पहुंचकर आग बुझा दी।
पुलिस के मुताबिक, भूतल पर कोई नहीं रहता है। इमारत की दूसरी और तीसरी मंजिल पर यूनुस के दो भाइयों के परिवार रहते हैं। घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही घर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
गोपालगंज में सांसद के घर पर बम धमाके और आगजनी
दूसरी घटना गोपालगंज में हुई, जहां गोपालगंज-2 के सांसद केएम बाबर के आवास पर बुधवार रात हमला किया गया। न्यूज एजेंसी बीएसएस की रिपोर्ट के अनुसार, अवामी लीग के कथित समर्थकों ने जय बांग्ला के नारे लगाते हुए सांसद के घर के मुख्य द्वार में आग लगा दी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हमलावरों ने पहले कच्चे बम फोड़े और फिर पत्थरबाजी करते हुए लाठियों से खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद हमलावर इमारत में घुसे और सांसद के निजी कार्यालय में तोड़फोड़ की।
क्लिनिक में मची अफरा-तफरी, गर्भवती महिलाओं को निकाला
सांसद के आवास की ऊपरी मंजिल पर स्थित आराफ क्लिनिक एंड डायग्नोस्टिक सेंटर में इस घटना से अफरा-तफरी मच गई। क्लिनिक में गर्भवती महिलाएं, हाल ही में सिजेरियन ऑपरेशन कराने वाली माताएं और नवजात बच्चे मौजूद थे।
हमले के बाद मरीजों और उनके परिजनों को आनन-फानन में बाहर निकालना पड़ा। रिपोर्ट के मुताबिक, मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए हमलावरों ने खुद ही आग बुझा दी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
