गुरुवार, 19 नवंबर 202602:14:26 AM
Download App
Home/देश

भोपाल में महिला हॉकी का महाकुंभ कल से : चौथी बार खिताब जीतने उतरेगी भारतीय टीम; चीन-जापान से मिलेगी कड़ी चुनौती

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 18, 2026
11:23 AM
चौथी बार खिताब जीतने उतरेगी भारतीय टीम; चीन-जापान से मिलेगी कड़ी चुनौती

भोपाल। राजधानी भोपाल अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी का बड़ा केंद्र बनने जा रही है। गुरुवार यानि 19 नवंबर से नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आगाज होगा। मेजबान भारतीय टीम अपने शानदार प्रदर्शन को बरकरार रखते हुए रिकॉर्ड चौथी बार खिताब जीतकर इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेगी। घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा उठाते हुए भारत की नजर एक बार फिर एशिया की चैंपियन बनने पर होगी।

19 नवंबर को मलेशिया से होगा पहला मुकाबला

गत विजेता भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 19 नवंबर को मलेशिया के खिलाफ करेगी। इसके बाद 21 नवंबर को दक्षिण कोरिया, 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान से मुकाबला होगा। 19 से 28 नवंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें हिस्सा लेंगी। सभी टीमें पहले एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी। शीर्ष चार टीमें 27 नवंबर को सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। खिताबी मुकाबला और तीसरे स्थान का मैच 28 नवंबर को खेला जाएगा।

भारत और दक्षिण कोरिया के नाम तीन-तीन खिताब

अब तक भारत और दक्षिण कोरिया इस प्रतियोगिता में सबसे सफल टीमें रही हैं। दोनों ने तीन-तीन बार खिताब जीता है। भारत ने 2016, 2023 और 2024 में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था। वहीं दक्षिण कोरिया ने 2010, 2011 और 2018 में ट्रॉफी अपने नाम की। अब भारत चौथी बार खिताब जीतकर नया रिकॉर्ड बनाना चाहेगा।

शानदार प्रदर्शन के साथ उतर रही भारतीय टीम

भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए पिछला समय उपलब्धियों से भरा रहा है। हैदराबाद में हुए क्वालीफायर में टीम अपराजित रहते हुए फाइनल तक पहुंची और विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया। इसके बाद ऑकलैंड में आयोजित एफआईएच महिला नेशंस कप के सभी पांच मुकाबले जीतकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत को एफआईएच प्रो लीग में भी जगह मिली।

बेल्जियम में हुए महिला विश्व कप में भारत पांचवें स्थान पर रहा। 1974 के बाद यह प्रतियोगिता में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। इसके बाद जापान में आयोजित एशियाई खेलों में भारतीय टीम ने 44 साल बाद महिला हॉकी का स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा।

चीन, जापान और दक्षिण कोरिया से कड़ी टक्कर

खिताब की राह में भारत को चीन, जापान और दक्षिण कोरिया जैसी मजबूत टीमों की चुनौती मिलेगी। विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर काबिज चीन भी अपना पहला खिताब जीतना चाहेगा। पिछले महीने एशियाई खेलों के फाइनल में भारत ने चीन को हराया था। वहीं दक्षिण कोरिया चौथी बार चैंपियन बनने के इरादे से उतरेगा। दो बार खिताब जीत चुकी जापानी टीम अपने मजबूत रक्षण और तेज पास के खेल से चुनौती पेश करेगी। ऐसे में भोपाल में होने वाली यह प्रतियोगिता रोमांचक मुकाबलों की गवाह बन सकती है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें