गुरुवार, 19 नवंबर 202602:14:23 AM
Download App
Home/देश

2028 के लिए भाजपा का प्लान तैयार : बूथ की नब्ज टटोलेंगे सेवा दूत, अप्रैल में हर विधानसभा पर संगठन की रहेगी नजर, तैयार करेंगे रिपोर्ट

admin

admin

Nov 18, 2026
02:59 PM
बूथ की नब्ज टटोलेंगे सेवा दूत, अप्रैल में हर विधानसभा पर संगठन की रहेगी नजर, तैयार करेंगे रिपोर्ट

भोपाल। मध्यप्रदेश में आगामी चुनावी तैयारियों के मद्देनजर भाजपा ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की नई रणनीति तैयार की है। इसके तहत अप्रैल में 25 दिन का विशेष सेवा दूत अभियान चलाया जाएगा। इसमें पार्टी के कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता अपने जिले के बजाय दूसरे जिले की विधानसभा में प्रवास करेंगे। 1 से 25 अप्रैल तक चलने वाले इस अभियान में प्रत्येक नेता को दूसरे जिले की एक विधानसभा आवंटित की जाएगी। वहां रहकर वे बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता, कार्यकर्ताओं की भूमिका और पार्टी के कार्यक्रमों की जमीनी स्थिति का आकलन करेंगे। बुधवार को भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश की मौजूदगी में हुई बैठकों में इस अभियान की रूपरेखा पर चर्चा की गई।

दूसरे जिले में रहकर परखेंगे संगठन की ताकत

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि सेवा दूत अभियान के तहत पार्टी के नेताओं को दूसरे जिले की विधानसभा की जिम्मेदारी दी जाएगी। वे 25 दिन तक वहां रहकर बूथ स्तर पर संगठन की स्थिति का जायजा लेंगे। स्थानीय कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और संगठन की मजबूती के साथ कमजोरियों की भी जानकारी जुटाएंगे। प्रवास पूरा होने के बाद संबंधित नेता अपनी रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंपेंगे। बैठकों में पूर्व में चलाए गए सेवा अभियानों और पदयात्राओं की भी समीक्षा की गई।

खाली पदों पर जल्द होगी नियुक्तियां

बैठक में संगठन के रिक्त पदों को भरने पर भी मंथन हुआ। संभाग और जिला प्रभारियों से जिलों में खाली पदों, मोर्चों के रिक्त जिला अध्यक्षों और विभिन्न प्रकोष्ठों के संयोजक पदों की जानकारी मांगी गई। प्रत्येक जिले से चार वरिष्ठ नेताओं के नाम भी मांगे गए हैं, जिन्हें कोर कमेटी या प्रदेश कार्यसमिति में जिम्मेदारी दी जा सकती है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिलों, मोर्चों और प्रकोष्ठों में रिक्त पदों पर जल्द नियुक्तियां की जाएंगी।

दिनभर चली संगठनात्मक बैठकों की मैराथन

राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी के साथ संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। सुबह प्रदेश पदाधिकारियों और संभाग प्रभारियों की बैठक हुई। इसके बाद जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ चर्चा की गई। दोपहर से रात तक संभागवार बैठकों में संगठन के कामकाज और आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।

सत्ता-संगठन के समन्वय पर भी चर्चा

मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति में बैठकों के आयोजन को लेकर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सत्ता और संगठन की अपनी अलग-अलग व्यवस्थाएं हैं, लेकिन जरूरत पडऩे पर दोनों मिलकर काम करते हैं। मुख्यमंत्री गांधी सागर में कैबिनेट बैठक के जरिए प्रदेश के विकास कार्यों को गति दे रहे हैं। गुरुवार को होने वाली बैठकों के अगले दौर और निगम-मंडल अध्यक्षों की बैठक में मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।

ग्रामीणों को मालिकाना हक देने के फैसले का स्वागत

प्रदेश अध्यक्ष ने गांधी सागर कैबिनेट में लिए गए फैसलों की सराहना करते हुए ग्रामीण आबादी को जमीन का मालिकाना हक देने के निर्णय को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण अपनी संपत्ति के वैध मालिक बन सकेंगे और बच्चों की शिक्षा सहित अन्य जरूरतों के लिए बैंक से ऋण लेने में आसानी होगी। भाजपा संगठन ने इस फैसले के लिए प्रदेश सरकार का आभार जताया।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें