महाकाल की भक्ति में लीन हुईं भूमि पेडनेकर : सोशल मीडिया पर शेयर की आध्यात्मिक यात्रा की तस्वीरे, बाबा के चरणों में खुद को किया समर्पित

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री भूमि पेडनेकर इन दिनों अपनी आध्यात्मिक यात्रा को लेकर सुर्खियों में हैं। अभिनेत्री हाल ही में मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने भगवान महाकाल के दर्शन किए। बुधवार को भूमि ने सोशल मीडिया पर अपनी इस यात्रा की कुछ खास तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए अपनी श्रद्धा जाहिर की। उनके पोस्ट में भगवान महाकाल के प्रति समर्पण का भाव नजर आया।
‘महाकाल के सामने खुद को समर्पित कर दिया’
भूमि पेडनेकर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर मंदिर यात्रा की झलकियां साझा करते हुए लिखा, “महाकाल के सामने खुद को बस समर्पण कर दिया। जय श्री महाकाल। हैप्पी दीपावली।” अभिनेत्री के इस संदेश के बाद उनके प्रशंसकों ने पोस्ट पर खूब प्रतिक्रियाएं दीं। फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों और कई जानी-मानी हस्तियों ने भी उनके पोस्ट पर कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की।
भूमि की इस आध्यात्मिक यात्रा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। प्रशंसक उनके पोस्ट को पसंद कर रहे हैं और कमेंट के जरिए अपनी श्रद्धा भी व्यक्त कर रहे हैं।
देशभर में प्रसिद्ध है बाबा महाकाल का मंदिर
मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है। यह मंदिर अपनी धार्मिक मान्यताओं, प्राचीन परंपराओं और विशेष पूजा-अर्चना के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। यहां स्थापित शिवलिंग को स्वयंभू माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान महाकाल उज्जैन के अधिष्ठाता देवता हैं।
महाकालेश्वर मंदिर की एक खास विशेषता यहां की दक्षिणमुखी ज्योतिर्लिंग प्रतिमा है। मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। महाकाल की भस्म आरती भी भक्तों के बीच विशेष आस्था का केंद्र है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
