मंगलवार, 27 अक्टूबर 202609:48:14 AM
Download App
Home/मनोरंजन

अश्लील AI वीडियो पर भड़कीं अभिनेत्री सुनैना : डीपफेक बनाने वालों को दियाअल्टीमेटम , शेयर करने वालों पर भी होगा केस

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 27, 2026
08:24 AM
डीपफेक बनाने वालों को दियाअल्टीमेटम , शेयर करने वालों पर भी होगा केस

मुंबई। दक्षिण भारतीय सिनेमा की अभिनेत्री सुनैना के चेहरे का इस्तेमाल कर अश्लील AI डीपफेक वीडियो बनाए जाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर कथित तौर पर प्रसारित हो रहे इस फर्जी वीडियो को लेकर अभिनेत्री ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि वीडियो बनाने, प्रकाशित करने और उसे फैलाने वालों के खिलाफ आपराधिक और सिविल कार्रवाई की जाएगी। इतना ही नहीं, वीडियो को आगे शेयर करने वालों को भी जिम्मेदार ठहराने की बात कही है।

‘मेरी पहचान और गरिमा पर हमला’

अभिनेत्री सुनैना ने इंस्टाग्राम पर एक बयान जारी कर इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर एक AI वीडियो प्रसारित किया जा रहा है, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से उनके चेहरे को अश्लील सामग्री पर लगाया गया है। सुनैना ने इस हरकत को अपनी निजता, पहचान और गरिमा का गंभीर उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की सामग्री न केवल अपमानजनक है, बल्कि इससे किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा और मानसिक शांति पर भी असर पड़ सकता है।

IT एक्ट और भारतीय न्याय संहिता का दिया हवाला

अभिनेत्री ने अपने बयान में कहा कि वह इस घटिया और दुर्भावनापूर्ण हरकत से स्तब्ध और बेहद परेशान हैं। उन्होंने इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए इसे यौन उत्पीड़न और मानहानि से जुड़ा गंभीर मामला बताया। सुनैना ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 और भारतीय न्याय संहिता, 2023 का उल्लेख करते हुए कहा कि इस तरह की हरकतों के खिलाफ कानूनी कदम उठाए जा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वीडियो बनाने, प्रकाशित करने या प्रसारित करने में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने का अधिकार वह सुरक्षित रखती हैं।

वीडियो शेयर करने वालों को भी चेतावनी

सुनैना ने केवल वीडियो बनाने वालों को ही नहीं, बल्कि उसे आगे फैलाने वालों को भी चेताया है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ बिना किसी अतिरिक्त नोटिस के कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी। अभिनेत्री ने अपने प्रशंसकों, शुभचिंतकों और मीडिया से अपील की कि वे इस वीडियो को साझा न करें। यदि किसी प्लेटफॉर्म पर ऐसी सामग्री दिखाई देती है, तो उसे आगे भेजने के बजाय संबंधित प्लेटफॉर्म पर रिपोर्ट करें।

डीपफेक पर फिर उठे गंभीर सवाल

इस घटना ने एक बार फिर AI तकनीक के दुरुपयोग और महिलाओं की डिजिटल सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। डीपफेक के जरिए किसी व्यक्ति के चेहरे का गलत इस्तेमाल उसकी निजता और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा सकता है। सुनैना की चेतावनी का स्पष्ट संदेश है कि ऐसी सामग्री को बनाना और फैलाना सामान्य ऑनलाइन गतिविधि समझकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें