परिणीति चोपड़ा की छोटे पर्दे पर वापसी, : ‘मॉम टॉक्स’ के नए सीजन में खुलेंगे पैरेंटिंग के अनकहे राज!

मुंबई। अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा एक बार फिर अपने टॉक शो ‘मॉम टॉक्स: मां की बात मां के जज्बात’ के दूसरे सीजन के साथ वापसी करने जा रही हैं। पैरेंटिंग पर आधारित इस शो में मातृत्व, बच्चों की परवरिश और माता-पिता की जिंदगी से जुड़े उन पहलुओं पर चर्चा होगी, जिनके बारे में अक्सर खुलकर बात नहीं की जाती। शो के नए सीजन की शूटिंग शुरू हो चुकी है और इसका प्रीमियर नवंबर में बुलेट माइक्रोड्रामा ऐप और ZEE5 पर होगा।
पैरेंटिंग पर बेबाक बातचीत होगी शो की खासियत
परिणीति चोपड़ा ने शो की वापसी पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य पैरेंटिंग से जुड़ी ईमानदार और बेबाक बातचीत को सामने लाना है। उनके मुताबिक, यह शो मदरहुड के अलग-अलग अनुभवों और नजरियों को समझने का मौका देता है।
शो में माता-पिता अपने निजी अनुभव साझा करेंगे, वहीं विशेषज्ञों की राय के जरिए बच्चों की परवरिश से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं पर भी चर्चा होगी। इसका मकसद खासतौर पर युवा माता-पिता के लिए पैरेंटिंग को समझना आसान और दिलचस्प बनाना है।
आयुष-अर्पिता से लेकर दिव्यांका-विवेक तक आएंगे नजर
दूसरे सीजन में कई चर्चित सेलिब्रिटी कपल अपनी निजी जिंदगी और पैरेंटिंग के अनुभव साझा करते दिखाई देंगे। इनमें आयुष शर्मा और अर्पिता खान, दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया के साथ सुरभि ज्योति और अनुष्का रंजन के नाम शामिल हैं। निर्माताओं की ओर से अन्य मेहमानों के नामों का ऐलान भी जल्द किए जाने की बात कही गई है।
शो के पहले सीजन में राघव चड्ढा, इमरान खान, नेहा धूपिया, विक्रांत मैसी और शीतल ठाकुर जैसी हस्तियां शामिल हुई थीं। इन बातचीतों में माता-पिता बनने के अनुभवों, व्यक्तिगत चुनौतियों और बच्चों की परवरिश से जुड़े मुद्दों को सामने रखा गया था।
नए सीजन में मनोरंजन के साथ मिलेगी उपयोगी जानकारी
बुलेट माइक्रोड्रामा के एवीओडी एवं पार्टनरशिप्स प्रमुख मुनाफ मर्चेंट के अनुसार, दूसरे सीजन में बातचीत को अधिक सहज, मनोरंजक और उपयोगी बनाने पर ध्यान दिया जाएगा। वहीं, त्रिनेत्र एआई के सह-संस्थापक एवं मुख्य व्यवसाय अधिकारी अजीम ललानी ने कहा कि पहले सीजन ने पैरेंटिंग से जुड़े कंटेंट की उपयोगिता को सामने रखा और नया सीजन इस पहल को आगे बढ़ाने का अवसर है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
