शनिवार, 3 अक्टूबर 202610:47:09 PM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

एशियाड 2026 में भारत के लिए स्वर्णिम शनिवार : क्रिकेट, गोल्फ और तीरंदाजी के बाद अमन ने जीता गोल्ड, फाइनल में वर्ल्ड चैंपियन को दी पटखनी

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 03, 2026
10:59 AM
क्रिकेट, गोल्फ और तीरंदाजी के बाद अमन ने जीता गोल्ड, फाइनल में वर्ल्ड चैंपियन को दी पटखनी

नगोया। एशियन गेम्स 2026 में भारत के खाते में अब तक 20 गोल्ड आ चुके हैं। रेसलर अमन सेहरावत ने पुरुषों के 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में सोना जीता। यह शनिवार को भारत का चैथा गोल्ड मेडल है। फाइनल में अमन ने दक्षिण कोरिया के वर्ल्ड चैंपियन चोंग-सोंग को रोमांचक मुकाबले में 11-7 से हराया। इस जीत के साथ अमन ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरा पदक हासिल किया। पिछले एशियन गेम्स में उन्होंने कांस्य पदक जीता था, जबकि इस बार उन्होंने पदक का रंग बदलते हुए स्वर्ण अपने नाम किया।

फाइनल में पहले बढ़त, फिर पिछड़े अमन

फाइनल मुकाबले में अमन ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और पहला अंक हासिल किया। इंजरी ब्रेक के बाद उन्होंने अपनी बढ़त को 6-1 तक पहुंचा दिया। हालांकि, इसके बाद वर्ल्ड चैंपियन चोंग-सोंग ने जोरदार वापसी की। उन्होंने अमन की बढ़त को खत्म करने के साथ ही मुकाबले में बढ़त भी हासिल कर ली।

आखिरी मिनट में पलटा पूरा मुकाबला

मुकाबले के आखिरी एक मिनट में अमन ने एक बार फिर जोरदार वापसी की। उन्होंने चोंग-सोंग को शानदार दांव से पूरी तरह नियंत्रित किया और उन्हें पलटते हुए चार महत्वपूर्ण अंक हासिल किए। अमन का यह दांव निर्णायक साबित हुआ। इसके बाद उन्होंने मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी और 11-7 से जीत दर्ज करते हुए स्वर्ण पदक पक्का कर लिया।

सेमीफाइनल में भी दिखाया दम

अमन ने फाइनल तक पहुंचने के दौरान शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने दिन की शुरुआत जापान के यामातो ओगावा के खिलाफ 20-9 की तकनीकी श्रेष्ठता वाली जीत से की। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में कजाकिस्तान के नुरदानत ऐतानोव को 12-1 से हराया।

सेमीफाइनल में अमन का सामना ताजिकिस्तान के आयाल बेलोल्युब्स्की से हुआ। मुकाबले के पहले दौर के बाद अमन 2-6 से पीछे थे, लेकिन उन्होंने दूसरे दौर में जबरदस्त वापसी की। उन्होंने 12 अंक हासिल किए और सिर्फ दो अंक गंवाए। इस तरह अमन ने मुकाबला 14-8 से जीतकर फाइनल में जगह बनाई।

भारत को कुश्ती में मिला दूसरा स्वर्ण

एशियन गेम्स 2026 में कुश्ती में यह भारत का दूसरा स्वर्ण पदक है। इससे पहले सुजीत कलकल ने फ्रीस्टाइल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। अमन सहरावत की इस जीत ने भारतीय कुश्ती अभियान को और मजबूती दी है। पिछले एशियन गेम्स के कांस्य पदक को स्वर्ण में बदलकर अमन ने अपने प्रदर्शन में बड़ा सुधार भी दर्ज किया है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें