11 छक्के, 9 चौके : अफगानिस्तान के खिलाफ अभिषेक के बल्ले ने उगली आग, 30 गेंदों में शतक जड़ कई रिकार्ड किए अपने नाम

नई दिल्ली। भारतीय टीम के ओपनर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे और अंतिम टी20 मुकाबले में जमकर गदर काटा। इतना ही नहीं उन्होंने कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए। अभिषेक ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए जहां पहले 16 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। वहीं महज 30 गेंदों पर शतक भी ठोंक दिया। हालांकि वह 34 गेंदों में पर 108 रन की तूफानी पारी खेलकर आउट हो गए। उनकी इस पारी में 11 छक्के और 9 चौके शामिल रहे।
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टास हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को अभिषेक और संजू सैमसन ने दमदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले ही ओवर से धुआंधार बल्लेबाजी की। सबसे पहले अभिषेक ने गेंदबाजों को निशाने पर लेना शुरू किया और इसके बाद सैमसन ने भी हाथ खोले। इन दोनों बल्लेबाजों ने पावरप्ले में ही 100 रनों का आंकड़ा पार करा दिया। भारत का पावरप्ले में यह अब तक का सर्वोच्च स्कोर है। भारतीय टीम इससे पहले कभी पावरप्ले में 100 रन नहीं बना सकी थी।
रोहित शर्मा का रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त
अभिषेक ने 30 गेंदों में शतक पूरा कर भारत की ओर से टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम था, जिन्होंने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ 35 गेंदों में शतक लगाया था। अभिषेक का यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तीसरा शतक है।
पावरप्ले में भी रचा इतिहास
अभिषेक की तूफानी बल्लेबाजी की शुरुआत पहले ही ओवर से हो गई थी। उन्होंने शुरुआती छह ओवरों में सिर्फ 22 गेंदों पर 76 रन ठोक दिए। इसके साथ ही वह पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के पावरप्ले में सबसे ज्यादा व्यक्तिगत रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने पुर्तगाल के कुलदीप घोलिया और ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड के पिछले आंकड़ों को पीछे छोड़ा।
एक पारी में चौकों-छक्कों की बरसात
अभिषेक ने अपनी पारी के दौरान गेंदबाजों पर लगातार हमला बोला। शतक तक पहुंचने के दौरान उनके बल्ले से 9 चौके और 10 छक्के निकल चुके थे। बाद में उन्होंने एक और छक्का जड़कर अपनी पारी में छक्कों की संख्या 11 कर दी। 34 गेंदों में 108 रन की उनकी पारी में 102 रन केवल चौकों और छक्कों से आए।
सीरीज में लगातार दिखा रहे हैं दम
अभिषेक का अफगानिस्तान के खिलाफ यह प्रदर्शन अचानक नहीं आया। सीरीज के पहले मुकाबले में उन्होंने 32 गेंदों पर 82 रन की विस्फोटक पारी खेलकर भारत को सात विकेट से जीत दिलाई थी। उस पारी में उन्होंने सात चौके और सात छक्के लगाए थे।
लगातार आक्रामक बल्लेबाजी के साथ अभिषेक ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे मुकाबले में उनका 30 गेंदों वाला शतक भारतीय क्रिकेट के सबसे तेज टी20 शतकों में नया अध्याय बन गया।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
