एशियन गेम्स का काउंटडाउन शुरू : भारत की शान बढ़ाएंगे मनु भाकर और तजिंदर तूर, उद्घाटन सेमेमनी में थामेंगे तिरंगा

नई दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 के भव्य उद्घाटन समारोह शनिवार को आयोजित किया जाएगा। जापान के आइची-नागोया में होने वाले कार्यक्रम में भारत की अगुवाई ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर और शॉटपुट के दिग्गज खिलाड़ी तजिंदर पाल सिंह तूर करेंगे। समारोह में वे भारतीय दल के ध्वजवाहक होंगे। मनु भाकर के ध्वजवाहक बनने की जानकारी भारत के दल प्रमुख सहदेव यादव ने दी, जबकि एथलेटिक्स महासंघ ने तजिंदर पाल सिंह तूर को दूसरा ध्वजवाहक घोषित किया है।
ओलंपिक में इतिहास रच चुकी हैं मनु भाकर
मनु भाकर के लिए यह एशियन गेम्स बेहद खास होने वाला है। पेरिस ओलंपिक 2024 में उन्होंने निशानेबाजी में दो कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था। वह स्वतंत्र भारत की पहली ऐसी खिलाड़ी बनी थीं, जिन्होंने एक ही ओलंपिक में दो पदक अपने नाम किए। मनु ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया था। इसके बाद उन्होंने सरबजोत सिंह के साथ मिलकर 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में भी कांस्य पदक जीता। अब एशियन गेम्स में वह अपने प्रदर्शन को एक कदम आगे ले जाने की कोशिश करेंगी।

तजिंदर तूर के निशाने पर तीसरा एशियाई स्वर्ण
तजिंदर पाल सिंह तूर के लिए एशियन गेम्स का अनुभव शानदार रहा है। वह इस प्रतियोगिता में लगातार दो बार स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। उन्होंने 2018 के जकार्ता एशियन गेम्स में पुरुषों की शॉटपुट स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद 2022 के हांगझोउ एशियन गेम्स में भी उन्होंने अपना खिताब बरकरार रखा और लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक हासिल किया। अब आइची-नागोया में तजिंदर की नजर लगातार तीसरा एशियन गेम्स स्वर्ण पदक जीतने पर होगी। उद्घाटन समारोह में तिरंगा थामना उनके लिए भी एक विशेष सम्मान होगा।
19 सितंबर से आधिकारिक शुरुआत
आइची-नागोया एशियन गेम्स का आधिकारिक उद्घाटन 19 सितंबर को होगा। हालांकि, कुछ खेलों में भारतीय खिलाड़ियों का अभियान इससे पहले ही शुरू हो चुका है। भारतीय दल को कई खेलों में पदक की उम्मीद है। टेकबॉल में क्विम्सी डिसूजा भारत को शुरुआती पदक दिलाने से सिर्फ एक जीत दूर हैं। इसके अलावा निशानेबाजी और एथलेटिक्स सहित कई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों पर नजर रहेगी।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
