शुक्रवार, 18 सितंबर 202611:27:59 AM
Download App
Home/देश

टीएमसी के दो गुट, दोनों की नई पहचान : उपचुनाव से पहले ईसी का बड़ा फैसला, ममता को फुटबाल तो ऋतब्रत को मिला लिफाफा चुनाव चिह्न

admin

admin

Sep 18, 2026
10:04 AM
उपचुनाव से पहले ईसी का बड़ा फैसला, ममता को फुटबाल तो ऋतब्रत को मिला लिफाफा चुनाव चिह्न

कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस में दो गुटों के बीच चल रहे विवाद के बीच चुनाव आयोग ने दोनों पक्षों के लिए नए पार्टी नाम और चुनाव चिह्न तय कर दिए हैं। आयोग द्वारा ममता बनर्जी गुट को ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस नाम और फुटबॉल खिलाड़ी सिंबल दिया गया है। वहीं बागी गुट को डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस और लिफाफा चुनाव चिह्न आवंटित किया है। चुनाव आयोग का यह फैसला पश्चिम बंगाल की दो विधानसभा सीटों पर छह अक्तूबर को होने वाले उपचुनाव से पहले आया है।

आयोग ने दोनों दलों को पश्चिम बंगाल, मेघालय और त्रिपुरा में राजनीतिक दल के रूप में मान्यता दी है। बता दें कि ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट ने गुरुवार आधी रात के बाद आयोग को नाम और चुनाव चिह्न के तीन-तीन विकल्प भेजे थे। दूसरी ओर, ऋतब्रत बनर्जी के गुट ने शुक्रवार सुबह अपने विकल्प आयोग को सौंपे।दोनों गुटों के नेताओं ने विकल्प भेजने की पुष्टि तो की थी, लेकिन अंतिम नाम और चुनाव चिह्न की जानकारी सार्वजनिक करने से इनकार कर दिया था।

नंदीग्राम और रेजीनगर उपचुनाव में होगा इस्तेमाल

आयोग के फैसले के बाद दोनों गुट अब अपने नए नाम और चुनाव चिह्न के साथ 6 अक्टूबर को होने वाले नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव में मैदान में उतरेंगे। इन उपचुनावों के नतीजे 9 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। दोनों सीटें क्रमशः पूर्वी मेदिनीपुर और मुर्शिदाबाद जिलों में स्थित हैं।

‘घास-फूल’ चिह्न फिलहाल फ्रीज

इससे पहले गुरुवार रात चुनाव आयोग ने ‘ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ नाम और ‘घास-फूल’ चुनाव चिह्न को फिलहाल फ्रीज करने का ऐलान किया था। इसके बाद दोनों गुटों को नए नाम और चिह्न के विकल्प देने के लिए कहा गया था। आयोग के ताजा फैसले के साथ दोनों पक्षों की आगामी चुनावी पहचान अब अलग-अलग हो गई है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें