शुक्रवार, 23 अक्टूबर 202608:22:48 AM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

हमें पता है कहां हुई गलती : 429 रनों की दीवार ढहने पर बोले अंग्रेज कप्तान ब्रूक, श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने उड़ाई गेंदबाजों की धज्जियां

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 23, 2026
06:41 AM

नई दिल्ली। क्रिकेट के मैदान पर गुरुवार को ऐसा मुकाबला देखने को मिला, जिसने दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों को हैरान कर दिया। पाकिस्तान में खेली जा रही वनडे त्रिकोणीय सीरीज में श्रीलंका ने इंग्लैंड के खिलाफ 430 रन का विशाल लक्ष्य हासिल कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 429 रन बनाए थे, लेकिन उसकी कमजोर गेंदबाजी के सामने यह विशाल स्कोर भी छोटा पड़ गया। हार के बाद इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने स्वीकार किया कि उनकी टीम से गेंदबाजी में गलतियां हुईं।

429 रन बनाकर भी हार गया इंग्लैंड

टॉस जीतकर श्रीलंका ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में चार विकेट पर 429 रन बनाए। कप्तान हैरी ब्रूक ने 116 गेंदों पर 202 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 21 चैके और 10 छक्के शामिल रहे। जो रूट ने 69 रन और विल जैक्स ने महज 30 गेंदों पर नाबाद 66 रन बनाकर स्कोर को 400 के पार पहुंचाया।

श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने गेंदबाजों की उड़ाई धज्जियां

430 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। अविष्का फर्नांडो ने 83 गेंदों पर 97 रन बनाकर मजबूत नींव रखी। इसके बाद पवन रथनायके ने 106 गेंदों पर 130 रन की शानदार पारी खेली।

दासुन शनाका ने भी इंग्लिश गेंदबाजों पर हमला बोलते हुए 50 गेंदों पर 97 रन बनाए। वहीं, जेनिथ लियांगे ने 27 गेंदों पर नाबाद 61 रन ठोककर श्रीलंका की जीत सुनिश्चित कर दी। श्रीलंका ने 49.5 ओवर में आठ विकेट खोकर 430 रन बना लिए। शानदार प्रदर्शन के लिए पवन रथनायके को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

हैरी ब्रूक ने मानी गेंदबाजी की कमजोरी

मैच के बाद ब्रूक ने कहा कि दोनों टीमों ने शानदार क्रिकेट खेला, लेकिन इंग्लैंड गेंद से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया। उन्होंने माना कि टीम विपक्षी बल्लेबाजों की ताकत के हिसाब से गेंदबाजी नहीं कर सकी और श्रीलंका ने इसका पूरा फायदा उठाया। ब्रूक ने कहा कि टीम को अब अपनी गलतियों की समीक्षा कर अगले मुकाबलों पर ध्यान देना होगा। उन्होंने खिलाड़ियों से खुद पर भरोसा बनाए रखने और खेल को सरल रखने की अपील की।

वनडे क्रिकेट में दर्ज हुई ऐतिहासिक जीत

श्रीलंका की यह जीत वनडे इतिहास के सबसे बड़े रन चेज में शामिल हो गई। टीम ने अपना सबसे बड़ा सफल लक्ष्य हासिल करते हुए इंग्लैंड को करारा झटका दिया। इस मुकाबले ने साबित कर दिया कि आधुनिक वनडे क्रिकेट में 400 से ज्यादा का स्कोर भी जीत की गारंटी नहीं है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें