शुक्रवार, 23 अक्टूबर 202609:12:18 AM
Download App
Home/देश

इजरायल स्वतंत्रता दिवस समारोह : नेतन्याहू का मोदी को न्योता, वीर भारतीय पायलट स्मित मच्छार को मिलेगा खास सम्मान

admin

admin

Oct 22, 2026
03:26 PM
नेतन्याहू का मोदी को न्योता, वीर भारतीय पायलट  स्मित मच्छार को मिलेगा खास सम्मान

यरुशलम। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी को इजरायल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के साथ मशाल जलाने के लिए आमंत्रित किया। नेतन्याहू ने कैप्टन मच्छार को ‘भारत का वीर पायलट’ बताते हुए उनके साहस की सराहना की। इस पहल को भारत और इजरायल के बीच मजबूत होते संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

भारत-इजरायल साझेदारी को मजबूत करने पर जोर

दोनों नेताओं ने बातचीत के दौरान द्विपक्षीय संबंधों की प्रगति की समीक्षा की और आपसी साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। इसके साथ ही पश्चिम एशिया के हालिया घटनाक्रमों पर भी चर्चा हुई। दोनों ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने की तत्काल आवश्यकता पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सामाजिक माध्यम ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि नेतन्याहू के साथ बातचीत में दोनों देशों के संबंधों और पश्चिम एशिया की स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ।

वहीं, नेतन्याहू ने कहा कि उन्होंने अपने मित्र नरेंद्र मोदी को स्वतंत्रता दिवस समारोह में मशाल जलाने के लिए आमंत्रित किया है। उन्होंने दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे मजबूत संबंधों और आतंकवाद के खिलाफ साझा प्रतिबद्धता की भी सराहना की।

विमान में हमले का बहादुरी से किया मुकाबला

कैप्टन स्मित मच्छार उस समय गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जब 30 सितंबर को तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक उड़ान में कथित तौर पर सह-पायलट ने हमला कर विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की थी।

बताया गया कि कठिन परिस्थिति में कैप्टन मच्छार ने हमलावर का मुकाबला किया और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की। इसके बाद चालक दल के अन्य सदस्यों और यात्रियों को कॉकपिट में पहुंचकर हमलावर को काबू करने का अवसर मिला। विमान में 170 से अधिक लोग सवार थे। इस घटनाक्रम में कैप्टन मच्छार के साहस को बड़ी दुर्घटना टालने में अहम माना गया।

नेतन्याहू पहले भी कर चुके हैं सम्मानित करने की घोषणा

इससे पहले 3 अक्टूबर को नेतन्याहू ने कैप्टन मच्छार से फोन पर बातचीत की थी। उस समय भी उन्होंने उन्हें भारत, इजरायल और पूरी दुनिया का नायक बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह में मशाल जलाने का निमंत्रण दिया था।

नेतन्याहू ने कहा था कि यह सम्मान आमतौर पर इजरायल के नागरिकों को दिया जाता है, लेकिन कैप्टन मच्छार के साहस ने वहां के लोगों का दिल जीत लिया है। उन्होंने पायलट के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की थी।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें