KKR से शिकस्त खाकर निराश हुए MI के कप्तान : हार्दिक ने फील्डिंग पर फोड़ा हार का ठीकरा, कहा- इस सीजन में हमने छोड़े बहुत सारे कैच

कोलकाता। आईपीएल 2026 का 65वां मुकाबला बुधवार को मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला गया। इस अहम मुकाबले में केकेआर ने एमआई को 7 विकेट से रौंद दिया। इतना ही नही इस जीत के साथ ही केकेआर की प्लेआॅफ में पहुंचने की उम्मीदें में जिंदा हो गईं। वहीं इस आईपीएल सीजन में एमआई को मिली 9वीं हार से कप्तान हार्दिक पांड्या निराश नजर आए। उन्होंने यहां तक कह दिया की इस सीजन में मुंबई इंडियंस की फील्डिंग बेहद खराब रही, जिसकी वजह से हमें मैच गंवाने पड़े।
मैच के बाद कप्तान हार्दिक ने कहा, हां, मेरा मतलब है कि मैच काफी मजेदार था। एक बल्लेबाजी ग्रुप के तौर पर हमने 20 रन कम बनाए। मुझे लगता है कि हमने पावरप्ले में बहुत सारे विकेट गंवा दिए, लेकिन अगर तिलक और मैं ज्यादा देर तक टिके रहते और हमने कुछ और साझेदारियां करके 15 से 20 रन और बनाए होते, तो मुझे लगता है कि हमारे पास अच्छा मौका होता।
पिच को लेकर यह बोले हार्दिक
पिच को लेकर कप्तान हार्दिक ने कहा, सच कहूं तो मुझे इस तरह के विकेट पर खेलने में कोई दिक्कत नहीं है, जहां गेंदबाजों के पास करने के लिए कुछ होता है। मुझे लगता है कि आईपीएल में बल्लेबाजों का दबदबा काफी बढ़ता जा रहा है। गेंदबाज खुद को बेबस महसूस कर रहे हैं। मुझे लगता है कि इस मुकाबले में गेंदबाजों को भी विकेट से मदद मिल रही थी, जिसके चलते वे अच्छी गेंदबाजी कर सके।
हमने छोड़े बहुत सारे कैच
हार्दिक पांड्या ने माना कि मुंबई इंडियंस की पूरी सीजन में फील्डिंग काफी खराब रही। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि पूरे सीजन में, हम फील्डिंग में काफी खराब रहे हैं। मेरे हिसाब से हमने बहुत सारे कैच छोड़े हैं, जो जाहिर है कोई नहीं करना चाहता। मेरा मतलब है कि अगर आपको मौके मिलते हैं। अगर आप मैच जीतना चाहते हैं, तो आपको सभी मौकों का फायदा उठाना होगा, यहां तक कि मुश्किल कैचों को भी पकड़ना होगा।
हार्दिक कप्तानी में एमआई का रहा निराशाजनक प्रदर्शन
बता दें कि हार्दिक की कप्तानी में एमआई का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में काफी निराशाजनक रहा है। टीम इस सीजन अब तक खेले 13 मुकाबलों में सिर्फ 4 में ही जीत दर्ज कर सकी है, जबकि 9 मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। मुंबई इंडियंस प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर हो चुकी है। एमआई इस सीजन का अपना आखिरी लीग मुकाबला 24 मई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने घरेलू मैदान वानखेड़े में खेलेगी।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
