एशियाड 2026 में भारत को तीसरा गोल्ड : कबड्डी में देश की बेटियों ने रचा इतिहास, टोटल पदकों की संख्या हुई 27, स्क्वेश में मिला कांस्य

नागोया। एशियन गेम्स 2026 का सातवां दिन भारत के लिए खुशियां लेकर आया। शनिवार को भारतीय खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स, शूटिंग, कबड्डी, हॉकी, स्क्वैश, बॉक्सिंग, तीरंदाजी, बैडमिंटन समेत कई खेलों में चुनौती पेश की। यही नहीं भारत के होनहार खिलाड़ी देश के लिए मेडल जीतने में भी कामयाब हुए। एक ओर जहां भारतीय महिला कबड्डी टीम ने भारत के लिए गोलड मेडल जीता। वहीं महिला 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम इवेंट में सिल्वर मेडल मिला। जबकि स्कैश में भारत के खाते में कांस्य पदक आया है।
फाइनल में ईरान को हराकर भारत ने जीता गोल्ड
भारतीय महिला कबड्डी टीम ने रोमांचक फाइनल में ईरान को 37-34 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। दोनों टीमों के बीच मुकाबला बेहद कड़ा रहा और अंत तक रोमांच बना रहा। भारत ने महज तीन अंकों के अंतर से जीत दर्ज की।
इस जीत के साथ भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स में चैथी बार गोल्ड जीता है। इससे पहले टीम ने 2010, 2014 और 2022 में भी स्वर्ण पदक हासिल किया था। यह नागोया एशियन गेम्स में भारत का तीसरा गोल्ड है। इससे पहले महिला क्रिकेट टीम और 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम ने स्वर्ण जीता था।
भारत के पदकों की संख्या पहुंची 27
सातवें दिन भारत ने कुल चार पदक जीते, जिसमें एक स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य शामिल है। कबड्डी के अलावा सावन बरवाल ने मैराथन में रजत पदक जीता। महिला 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम इवेंट में भारत ने रजत हासिल किया।
वहीं, जोशना चिनप्पा और वेलवन सेंथिल कुमार की जोड़ी ने स्क्वैश के मिक्स्ड डबल्स में कांस्य पदक जीता। भारत के खाते में अब तक 3 स्वर्ण, 11 रजत और 13 कांस्य समेत कुल 27 पदक हो चुके हैं। पदक तालिका में भारत 12वें स्थान पर है।
शूटिंग में तिलोत्तमा और विदरसा से छूटा कांस्य
महिला 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन के व्यक्तिगत फाइनल में भारत को निराशा हाथ लगी। तिलोत्तमा सेन तीसरे स्थान के लिए हुए एलिमिनेशन राउंड में 9.4 का शॉट लगाने के बाद चैथे स्थान पर रहीं। विदरसा विनोद पांचवें स्थान पर रहीं।
चीन की जियायू हान ने एशियन रिकॉर्ड के साथ गोल्ड जीता, जबकि चीन की लियूआन झांग ने सिल्वर और दक्षिण कोरिया की जियुन किम ने कांस्य पदक हासिल किया।
स्क्वैश में भारत के खाते में कांस्य
मिक्स्ड डबल्स सेमीफाइनल में जोशना चिनप्पा और वेलवन सेंथिल कुमार को हॉन्ग कॉन्ग की जोड़ी के खिलाफ 1-2 से हार मिली। सेमीफाइनल में हार के बावजूद भारतीय जोड़ी ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
