ओस्लो में नॉर्वे चेस 2026 शुरु : भारतीय खिलाड़ियों का धमाकेदार आगाज, शुरुआती दौर में रोमांच और बराबरी का रहा मुकाबला

ओस्लो। ओस्लो में शुरू हुए नॉर्वे चेस 2026 टूर्नामेंट का पहला दिन बेहद रोमांचक रहा। दुनिया के शीर्ष ग्रैंडमास्टर्स के बीच खेले गए मुकाबलों में क्लासिकल और आर्मागेडन दोनों प्रारूपों में कड़ी टक्कर देखने को मिली। भारतीय खिलाड़ियों ने भी शानदार शुरुआत करते हुए अपने खेल से सभी का ध्यान खींचा।
आर प्रग्गनानंदा और मौजूदा विश्व चैंपियन डी. गुकेश दोनों ने अपने-अपने क्लासिकल मुकाबले ड्रॉ पर समाप्त किए, लेकिन इसके बाद हुए आर्मागेडन टाई-ब्रेक में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अतिरिक्त अंक हासिल किए और अपने अभियान की मजबूत शुरुआत की।
प्रग्गनानंदा का आक्रामक अंदाज
आर प्रग्गनानंदा का सामना अमेरिकी ग्रैंडमास्टर वेस्ली सो से हुआ। दोनों खिलाड़ियों के बीच खेल काफी संतुलित रहा और क्लासिकल मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। हालांकि आर्मागेडन में प्रग्गनानंदा ने आक्रामक रणनीति अपनाई और लगातार दबाव बनाते हुए मुकाबले की रफ्तार अपने पक्ष में कर ली। उनकी तेज चालों और सटीक प्लानिंग ने उन्हें जीत दिलाई और उन्होंने महत्वपूर्ण बोनस अंक हासिल किए।
गुकेश की शानदार वापसी
दूसरी ओर, डी. गुकेश और जर्मनी के विंसेंट कीमर के बीच मुकाबला बेहद उतार-चढ़ाव भरा रहा। क्लासिकल गेम में ऐसा लग रहा था कि कीमर बढ़त बना लेंगे, लेकिन गुकेश ने मजबूत डिफेंस और धैर्य का परिचय देते हुए हार टाल दी और मुकाबला ड्रॉ कराया। इसके बाद आर्मागेडन में उन्होंने आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए शानदार वापसी की और जीत अपने नाम कर ली।
फिरोजा का बड़ा उलटफेर, कार्लसन को झटका
दिन का सबसे बड़ा आकर्षण अलीरेजा फिरोजा और वर्ल्ड नंबर 1 मैग्नस कार्लसन का मुकाबला रहा। क्लासिकल गेम में कार्लसन नियंत्रण में दिख रहे थे, लेकिन समय की कमी के दबाव में उन्होंने एक बड़ी गलती कर दी। इसका पूरा फायदा फिरोजा ने उठाया और घरेलू मैदान पर खेल रहे कार्लसन को चैंकाते हुए महत्वपूर्ण जीत दर्ज की।
महिला वर्ग में भी भारतीय चमक
महिला वर्ग में भी रोमांच कम नहीं था। जू वेनजुन और दिव्या देशमुख का मुकाबला ड्रॉ रहा, लेकिन आर्मागेडन टाई-ब्रेक में दिव्या ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। वहीं, बिबिसारा असौबायेवा ने कोनेरू हम्पी को क्लासिकल गेम में हराकर बड़ा उलटफेर किया। इसके अलावा एना मुजीचुक और झू जिनर का मुकाबला भी ड्रॉ रहा, लेकिन आर्मागेडन में झू जिनर ने जीत हासिल कर अतिरिक्त अंक अपने नाम किए।
नॉर्वे चेस 2026 का पहला दिन भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और बड़े उलटफेरों के नाम रहा। प्रग्गनानंदा, गुकेश और दिव्या देशमुख की जीत ने टूर्नामेंट को और भी रोमांचक बना दिया है, जिससे आगे के राउंड्स को लेकर उत्साह और बढ़ गया है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
