शुक्रवार, 12 जून 202607:38:22 PM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

केन विलियमसन ने छोड़ा इंटरनेशनल क्रिकेट : न्यूजीलैंड क्रिकेट के सबसे बड़े रन मशीन ने लिया संन्यास,19 हजार से ज्यादा रन

नीलम अहिरवार

नीलम अहिरवार

Jun 12, 2026
11:33 AM
न्यूजीलैंड क्रिकेट के सबसे बड़े रन मशीन ने लिया संन्यास,19 हजार से ज्यादा रन

खेल: क्रिकेट की दुनिया के सबसे शांत, भरोसेमंद और क्लासिक बल्लेबाजों में शुमार केन विलियमसन ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। 16 साल तक न्यूजीलैंड क्रिकेट की पहचान रहे विलियमसन ने अपने शानदार करियर का अंत करने का फैसला लिया है। उनके संन्यास के साथ क्रिकेट के एक स्वर्णिम अध्याय का भी समापन हो गया है। न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। करीब 16 साल लंबे करियर में उन्होंने तीनों फॉर्मेट मिलाकर 378 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले और न्यूजीलैंड क्रिकेट के सबसे सफल बल्लेबाजों में अपनी पहचान बनाई। उनके इस फैसले से क्रिकेट जगत में भावुक माहौल है।

केन विलियमसन ने 10 अगस्त 2010 को भारत के खिलाफ अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। अपने शानदार बल्लेबाजी कौशल, शांत स्वभाव और नेतृत्व क्षमता के दम पर उन्होंने जल्द ही न्यूजीलैंड टीम में खास जगह बना ली। टेस्ट, वनडे और टी-20 तीनों फॉर्मेट में उन्होंने टीम को कई ऐतिहासिक जीत दिलाईं और दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में शुमार हुए।


विलियमसन ने अपने संन्यास की घोषणा ऐसे समय में की है जब न्यूजीलैंड टीम इंग्लैंड दौरे पर है। इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मुकाबला साबित हुआ। न्यूजीलैंड क्रिकेट द्वारा जारी बयान में उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट के प्रति उनका जुनून हमेशा बरकरार रहा, लेकिन अब उन्हें लगता है कि आगे बढ़ने का यही सही समय है।


आंकड़ों पर नजर डालें तो केन विलियमसन ने 110 टेस्ट मैचों में 9515 रन, 175 वनडे में 7256 रन और 93 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 2575 रन बनाए। कुल 19,346 अंतरराष्ट्रीय रन के साथ वह न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अपने करियर में कई यादगार पारियां खेलीं और न्यूजीलैंड क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।


न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन

  • केन विलियमसन – 19,346 रन

  • रॉस टेलर – 18,199 रन

  • स्टीफन फ्लेमिंग – 15,289 रन

  • ब्रेंडन मैकुलम – 14,676 रन

  • मार्टिन गुप्टिल – 13,463 रन

अपने बल्ले की क्लास, कप्तानी की समझ और खेल भावना से दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीतने वाले केन विलियमसन अब इंटरनेशनल क्रिकेट में नजर नहीं आएंगे। लेकिन उनकी उपलब्धियां और यादगार पारियां हमेशा क्रिकेट इतिहास का हिस्सा बनी रहेंगी।

नीलम अहिरवार
Written By

नीलम अहिरवार

17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें