मंगलवार, 11 अगस्त 202601:07:23 PM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

विश्व कप 2027ः अफगानिसतान ने तोड़ा वेस्टइंडीज का सपना : क्वालिफायर के लिए अब तय करना होगा कठिन सफर, भारत के खिलाफ जीत भी नहीं बदल पाएगी तस्वीर

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 11, 2026
08:05 AM
क्वालिफायर के लिए अब तय करना होगा कठिन सफर, भारत के खिलाफ जीत भी नहीं बदल पाएगी तस्वीर

नई दिल्ली। अगले साल यानि 2027 में वनडे विश्व कप खेला जाना है। इस अहम मुकाबले में सीधे एंट्री के लिए सभी टीमें एड़ी चोटी का जोर लगा रही है। लेकिन दो बार की विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज का विश्व कप में सीधे सीधे एंट्री का सपना टूट गया है। दरअसल कैरेबियाई टीम अब सीधे विश्व कप में जगह नहीं बना पाएगी और उसे क्वालिफायर का कठिन सफर तय करना होगा। बता दें कि सोमवार को बेलफास्ट में अफगानिस्तान ने आयरलैंड को हराकर सीधे क्वालिफाई करने वाली टीमों में अपनी जगह पक्की कर ली। ऐसे में वेस्टइंडीज की शीर्ष आठ गैर-मेजबान टीमों में जगह बनाने की उम्मीदें पूरी तरह खत्म हो गईं।

अफगानिस्तान ने छीनी वेस्टइंडीज की उम्मीद

2027 वनडे विश्व कप के लिए 30 सितंबर 2026 की आईसीसी एकदिवसीय रैंकिंग को आधार बनाया जाएगा। शीर्ष आठ गैर-मेजबान टीमें सीधे विश्व कप के लिए क्वालिफाई करेंगी। वहीं दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया को मेजबान होने के कारण सीधे प्रवेश मिलेगा। अफगानिस्तान के सीधे क्वालिफाई करने के बाद अब ऑस्ट्रेलिया, भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, श्रीलंका, इंग्लैंड और बांग्लादेश के साथ वह भी सीधे विश्व कप में पहुंचने वाली टीमों में शामिल हो गया है।

भारत के खिलाफ जीत भी नहीं बदल पाएगी तस्वीर

वेस्टइंडीज फिलहाल 10वें स्थान पर है और उसके पास कटऑफ से पहले भारत के खिलाफ दो वनडे मुकाबले बाकी हैं। हालांकि, इन दोनों मैचों में जीत हासिल करने के बावजूद कैरेबियाई टीम सीधे क्वालिफाई नहीं कर पाएगी। अब वेस्टइंडीज को अगले साल फरवरी से शुरू होने वाले क्वालिफायर में उतरना होगा। यहां से उसे मुख्य विश्व कप में जगह बनाने के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ेगा।

लगातार तीसरी बार क्वालिफायर का रास्ता

वेस्टइंडीज के लिए यह स्थिति बेहद निराशाजनक है। 2019 में भी उसे क्वालिफायर के जरिए विश्व कप में जगह बनानी पड़ी थी। 2023 में तो टीम क्वालिफायर में ही बाहर हो गई थी और मुख्य विश्व कप का हिस्सा नहीं बन सकी थी। कभी विश्व क्रिकेट की सबसे मजबूत टीमों में गिनी जाने वाली वेस्टइंडीज के लिए लगातार तीसरी बार क्वालिफायर का रास्ता अपनाना उसके क्रिकेट ढांचे और प्रदर्शन पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

ऐसे होगा विश्व कप के लिए क्वालिफायर

आईसीसी ने 2027 विश्व कप के प्रारूप में बदलाव किया है। मुख्य क्वालिफायर में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। वेस्टइंडीज और आयरलैंड को इसमें सीधे प्रवेश मिलेगा। इनके अलावा विश्व कप लीग-2 की शीर्ष चार और क्वालिफायर प्लेऑफ की शीर्ष चार टीमें मुख्य क्वालिफायर में पहुंचेंगी।

क्वालिफायर प्लेऑफ में विश्व कप लीग-2 की निचली चार और चैलेंज लीग की चार टीमें मुकाबला करेंगी। यहां से शीर्ष चार टीमें मुख्य क्वालिफायर में जाएंगी। मुख्य क्वालिफायर की 10 टीमों में से शीर्ष चार को 2027 विश्व कप का टिकट मिलेगा।

विश्व कप में भी दिखेगा नया रोमांचक प्रारूप

2027 विश्व कप में 14 टीमें हिस्सा लेंगी और मुकाबले तीन चरणों में खेले जाएंगे। सबसे निचली रैंक वाली तीन टीमें पहले चरण में सुपर सीरीज खेलेंगी। इनमें से शीर्ष टीम अगले दौर में जाएगी।

इसके बाद 12 टीमों को दो समूहों में बांटा जाएगा। दोनों समूहों से शीर्ष तीन-तीन टीमें और अगली सर्वश्रेष्ठ टीम सुपर-7 चरण में पहुंचेंगी। यहां सातों टीमें राउंड-रॉबिन आधार पर खेलेंगी। शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी और इसके बाद फाइनल मुकाबला होगा।

अब वेस्टइंडीज के सामने करो या मरो की चुनौती

वेस्टइंडीज के लिए अब हर मुकाबला बेहद अहम होगा। एक समय विश्व क्रिकेट पर राज करने वाली कैरेबियाई टीम के सामने अब विश्व कप में पहुंचने के लिए क्वालिफायर की बाधा पार करने की चुनौती है। वहीं अफगानिस्तान ने लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर सीधे टिकट हासिल कर वेस्टइंडीज की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें