एशियन गेम्स पुरुष हाॅकी सेमीफाइनल : आखिरी मिनट में अभिषेक के वार से चित हुआ पाकिस्तान, 4-3 से रौंदकर भारत पहुंचा फाइनल में

काकामिगहारा। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियन गेम्स के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। जापान आईची-नागोया में गुरुवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 4-3 से हराकर गोल्ड मेडल मैच (फाइनल) में प्रवेश किया। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला सांसे रोक देने वाला। एक समय दोनों टीमें 3-3 गोल की बराबरी पर थीं, लेकिन आखिर पल में अभिषेक लास्ट मिनट गोल से मैच का नतीजा बदल गया और भारत ने पाकिस्तान को 4-3 से रौंकदर फाइनल में जगह बना ली।
भारत पाकिस्तान के खिलाफ 3-0 से आगे चल रहा था, लेकिन पाकिस्तान ने तीसरे क्वार्टर से वापसी की और स्कोर बराबर कर दिया। अभिषेक ने हालांकि, मैच खत्म होने से 49 सेकेंड पहले मैदानी गोल दागकर भारत को बढ़त दिलाई जो अंत में निर्णायक साबित हुई। मैच के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक दूसरे से हाथ मिलाए।
हरमनप्रीत के दो गोल से भारत ने बनाई मजबूत पकड़
भारत ने मुकाबले की शुरुआत बेहद आक्रामक अंदाज में की। पांचवें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने शानदार अंदाज में गोल में बदल दिया। गेंद पाकिस्तान के गोलकीपर मुनीब-उर-रहमान रजा के पैरों के बीच से निकलकर गोल पोस्ट में पहुंची।
इसके बाद 13वें मिनट में भारत को फिर पेनल्टी कॉर्नर मिला और हरमनप्रीत ने जोरदार शॉट लगाकर अपना दूसरा गोल कर दिया। शुरुआती दौर में भारतीय टीम ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और पाकिस्तान को लगातार दबाव में रखा।
सुखजीत ने बढ़ाई पाकिस्तान की मुश्किल
दूसरे क्वार्टर में भारत ने अपनी बढ़त को 3-0 कर दिया। 23वें मिनट में सुखजीत सिंह ने शानदार फिनिश करते हुए टीम के लिए तीसरा गोल दागा। इस हमले की शुरुआत मनप्रीत सिंह के गेंद पर कब्जा जमाने से हुई, जिसके बाद शिलानंद लाकड़ा ने बाईं तरफ से आगे बढ़कर गोल के सामने बेहतरीन पास दिया। भारत मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण करता नजर आ रहा था, लेकिन हाफ टाइम से ठीक पहले पाकिस्तान ने वापसी की शुरुआत कर दी।
आखिरी मिनट में अभिषेक ने पलट दी बाजी
मुकाबले के निर्णायक क्षणों में अभिषेक भारत के लिए संकटमोचक बनकर सामने आए। मैच खत्म होने में कुछ ही सेकंड बाकी थे, तभी उन्होंने चैथा गोल दागकर भारतीय खेमे में जश्न की लहर दौड़ा दी। पाकिस्तान के पास बराबरी करने का समय नहीं बचा और भारत ने 4-3 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अब फाइनल में गोल्ड की जंग
पाकिस्तान को हराने के बाद भारतीय टीम अब फाइनल में दक्षिण कोरिया और मलेशिया के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से भिड़ेगी। मौजूदा चैंपियन की नजरें अब फाइनल में जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक अपने नाम करने पर होंगी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
