पाकिस्तान क्रिकेट में बड़ा बदलावः : अनुभवी खिलाड़ियों को दिखाया बाहर का रास्ता, एशियन गेम्स में युवाओं पर लगाया दांव

कराची। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने 2026 एशियन गेम्स के लिए अपनी पुरुष क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी है। इस चयन ने क्रिकेट जगत को चैंका दिया है, क्योंकि टीम से कई बड़े और अनुभवी खिलाड़ियों को बाहर रखा गया है। जापान के आइची प्रीफेक्चर में 13 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होने वाले एशियन गेम्स के लिए पाकिस्तान ने युवा खिलाड़ियों पर दांव खेला है। टीम की कप्तानी साहिबजादा फरहान को सौंपी गई है, जबकि अब्दुल समद को उपकप्तान बनाया गया है।
बाबर, शाहीन और सलमान की छुट्टी
सबसे अधिक चर्चा इस बात की हो रही है कि पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम, तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी और पूर्व टी20 कप्तान सलमान अली आगा को टीम में जगह नहीं मिली है। ये तीनों खिलाड़ी हाल ही में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान की ओर से मैदान में उतरे थे। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि चयनकर्ताओं ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए टीम में बदलाव का बड़ा फैसला लिया है। पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी के नेतृत्व में लिए गए इस निर्णय को पाकिस्तान क्रिकेट में नई पीढ़ी को मौका देने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
फरहान पर कप्तानी की बड़ी जिम्मेदारी
टीम की कमान साहिबजादा फरहान को सौंपना चयनकर्ताओं का सबसे बड़ा फैसला माना जा रहा है। फरहान ने हाल के वर्षों में टी20 क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 46 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 137 की स्ट्राइक रेट से 1305 रन बनाए हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में फरहान ने 383 रन बनाकर एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था। इसके अलावा टी20 क्रिकेट में उनके नाम नौ शतक दर्ज हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए पीसीबी ने उन्हें एशियन गेम्स अभियान की जिम्मेदारी दी है।
चार नए चेहरों को मिला बड़ा मौका
15 सदस्यीय टीम में चार ऐसे खिलाड़ी शामिल किए गए हैं, जिन्होंने अभी तक पाकिस्तान के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण नहीं किया है। इनमें आकिफ जावेद, अली रजा, माज सदाकत और साद मसूद के नाम शामिल हैं। यह फैसला साफ संकेत देता है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड युवा प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है। टीम के अधिकांश खिलाड़ी 15 जून से लाहौर में शुरू होने वाले नेशनल क्रिकेट अकादमी के व्हाइट-बॉल कैंप का हिस्सा भी होंगे।
गोल्ड मेडल पर होगी पाकिस्तान की नजर
एशियन गेम्स 2026 की पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान जैसी मजबूत टीमों के अलावा जापान, हॉन्ग कॉन्ग, मलेशिया, नेपाल और ओमान भी मैदान में उतरेंगे। पाकिस्तान का एशियन गेम्स में प्रदर्शन शानदार रहा है। टीम ने 2010 ग्वांगझू और 2014 इंचियोन एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था। हालांकि 2022 हांगझोऊ एशियन गेम्स में पाकिस्तान चैथे स्थान पर रहा था। ऐसे में इस बार नई कप्तानी और युवा खिलाड़ियों के दम पर पाकिस्तान फिर से गोल्ड मेडल जीतकर अपनी खोई प्रतिष्ठा वापस हासिल करने की कोशिश करेगा।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
