पेरिस ओलंपिक की मिटी थकान : तैराकी में दमदार वापसी के लिए तैयार स्वीमर प्रकाश, तय किया बड़ा लक्ष्य

नई दिल्ली। पेरिस ओलंपिक के बाद मानसिक और शारीरिक थकान के कारण प्रतियोगी तैराकी से ब्रेक लेने वाले भारत के अनुभवी तैराक साजन प्रकाश एक बार फिर दमदार वापसी के लिए तैयार हो गए हैं। अब उनका पूरा फोकस 200 मीटर बटरफ्लाई पर रहेगा। 32 वर्षीय साजन ने कहा है कि उनका पूरा ध्यान अब ग्लासगो में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स और सितंबर में आयोजित एशियाई खेलों पर है। उनका सपना इन दोनों बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में पदक जीतकर भारत का नाम रोशन करना है।
रिकवरी भी ट्रेनिंग का अहम हिस्सा
स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) की ओर से आयोजित एक वर्चुअल बातचीत में साजन ने कहा कि लगातार कड़ी ट्रेनिंग और बेहतर प्रदर्शन की चाह में खिलाड़ी अक्सर अपने शरीर और मानसिक स्थिति को नजरअंदाज कर देते हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि पेरिस ओलंपिक के बाद उनका शरीर पूरी तरह थक चुका था और उसे आराम की जरूरत थी।
साजन के मुताबिक, उन्होंने ब्रेक के दौरान महसूस किया कि रिकवरी सिर्फ आराम नहीं, बल्कि एक एथलीट की ट्रेनिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी वजह से उन्होंने कुछ समय के लिए खुद को प्रतियोगी तैराकी से दूर रखा और अब पहले से अधिक ऊर्जा के साथ वापसी कर रहे हैं।
अब सिर्फ 200 मीटर बटरफ्लाई पर फोकस
करीब 26 वर्षों से तैराकी कर रहे साजन का कहना है कि उम्र बढ़ने के साथ ट्रेनिंग का तरीका भी बदलना पड़ता है। पहले जहां उनका फोकस लंबी और कठिन ट्रेनिंग पर रहता था, वहीं अब वे अपनी कमजोरियों को सुधारने और एक खास स्पर्धा पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पूरी तैयारी अब 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा के लिए हो रही है। उनका मानना है कि कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े मंच पर कुछ सेकंड का अंतर ही पदक और हार के बीच फैसला कर सकता है। इसलिए वह छोटी-छोटी तकनीकी कमियों को दूर करने पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।
संदीप सेजवाल संभाल रहे कोच की जिम्मेदारी
साजन ने अपने पूर्व साथी और एशियाई खेलों के पदक विजेता संदीप सेजवाल को अपना कोच बनाया है। उनका कहना है कि सेजवाल भारतीय खेल व्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की चुनौतियों को अच्छी तरह समझते हैं, जिससे उन्हें बेहतर रणनीति बनाने में मदद मिल रही है। भविष्य को लेकर साजन ने फिलहाल कोई बड़ा फैसला करने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि उनका पूरा ध्यान अभी कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स पर है। इन दोनों प्रतियोगिताओं के बाद ही वह अपने करियर के अगले कदम पर विचार करेंगे।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
