डेब्यू टेस्ट में मानव सुथार का कहर : 23 वर्षीय स्पिनर ने महज 33 रन देकर झटके 6 विकेट, भारतीय क्रिकेट इतिहास में ऐसा हुआ दूसरी बार

चंडीगढ़। चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मुकाबले में युवा स्पिनर मानव सुथार ने अपनी घातक गेंदबाजी से मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया। अफगानिस्तान की पहली पारी महज 152 रन पर सिमट गई और भारतीय टीम ने पहली पारी के आधार पर 412 रन की बड़ी बढ़त हासिल कर ली।
23 वर्षीय मानव सुथार ने अपने टेस्ट करियर के पहले ही मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए 22 ओवर में सिर्फ 33 रन खर्च कर 6 विकेट झटके। उनकी फिरकी के सामने अफगानिस्तान के बल्लेबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। मानव का यह प्रदर्शन भारतीय क्रिकेट इतिहास में टेस्ट पदार्पण पर दूसरा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी स्पेल बन गया है।
नरेन्द्र हिरवानी के नाम दर्ज है बेहतरीन गेंदबाजी का रिकार्ड
भारत की ओर से टेस्ट डेब्यू में सबसे बेहतरीन गेंदबाजी का रिकॉर्ड पूर्व स्पिनर नरेंद्र हिरवानी के नाम दर्ज है। हिरवानी ने 1988 में वेस्टइंडीज के खिलाफ चेन्नई टेस्ट में 61 रन देकर 8 विकेट हासिल किए थे। मानव सुथार अब इस सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इसके साथ ही वह पिछले 35 वर्षों में टेस्ट पदार्पण में 6 विकेट लेने वाले चुनिंदा भारतीय गेंदबाजों में शामिल हो गए हैं।
सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शनों में शामिल हुआ मानव का प्रदर्शन
मानव का यह प्रदर्शन अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट इतिहास के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शनों में भी शामिल हो गया है। इस मामले में वह दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी स्पेल का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के रहकीम कॉर्नवॉल के नाम है, जिन्होंने 2019 में 75 रन देकर 7 विकेट लिए थे।
रहमत शाह ने दिखाई अकेली लड़ाई
अफगानिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई। टीम की ओर से केवल रहमत शाह ही भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना कर सके। उन्होंने संयमित बल्लेबाजी करते हुए 60 रन बनाए और टीम को संभालने का प्रयास किया। कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने 20 रन का योगदान दिया, जबकि अटल 17 रन बनाकर आउट हुए।
इसके अलावा अफगानिस्तान के पांच बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा और नियमित अंतराल पर विकेट हासिल किए।
प्रसिद्ध कृष्णा ने भी निभाई अहम भूमिका
मानव सुथार के अलावा तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उन्होंने 37 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए और अफगानिस्तान की मध्यक्रम बल्लेबाजी को झकझोर दिया। वहीं वॉशिंगटन सुंदर ने एक विकेट लेकर टीम की सफलता में योगदान दिया।
भारत की मजबूत बढ़त और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन ने मुकाबले में मेजबान टीम की स्थिति बेहद मजबूत कर दी है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि भारतीय टीम इस बढ़त को किस तरह मैच जीतने में तब्दील करती है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
