भारत-न्यूजीलैंड क्रिकेट रिश्तों का नया अध्याय : 2026 में होगा सबसे बड़ा द्विपक्षीय दौरा, अक्टूबर से दिसंबर तक चलेगा क्रिकेट महाकुंभ

पांच टी20, पांच वनडे और दो टेस्ट सहित 12 मुकाबलों की मेजबानी करेगा न्यूजीलैंड
नई दिल्ली। न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) ने अपने घरेलू अंतरराष्ट्रीय सत्र 2026-27 का कार्यक्रम जारी कर दिया है, जिसमें भारतीय क्रिकेट टीम का ऐतिहासिक दौरा सबसे बड़ा आकर्षण बनकर सामने आया है। अक्टूबर से दिसंबर 2026 के बीच भारत की पुरुष क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड में कुल 12 मुकाबले खेलेगी। इसमें पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच शामिल हैं। यह दौरा न्यूजीलैंड क्रिकेट इतिहास के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित द्विपक्षीय दौरों में गिना जा रहा है।
22 अक्टूबर से शुरू होगा क्रिकेट का महायज्ञ
भारतीय टीम का न्यूजीलैंड दौरा 22 अक्टूबर 2026 से शुरू होकर 1 दिसंबर तक चलेगा। लगभग डेढ़ महीने तक चलने वाले इस दौरे में दोनों देशों की टीमें पांच प्रमुख शहरों में आमने-सामने होंगी। न्यूजीलैंड सरकार ने भी इस श्रृंखला को विशेष समर्थन देने की घोषणा की है। इसे भारत और न्यूजीलैंड के करीब एक सदी पुराने खेल संबंधों के सम्मान और दोनों देशों की बढ़ती मित्रता का प्रतीक माना जा रहा है।
एनजेडसी के मुख्य मार्केटिंग एवं कमर्शियल अधिकारी ग्लेन क्रिचली ने कहा कि भारत का दौरा न्यूजीलैंड क्रिकेट के लिए एक दुर्लभ और विशेष अवसर है। उनके अनुसार क्रिकेट जगत में भारत की मौजूदगी सबसे बड़ा आकर्षण है और यह श्रृंखला केवल खेल तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि दोनों देशों की संस्कृति, इतिहास और आपसी संबंधों का उत्सव भी बनेगी।
टी20 सीरीज से होगी शुरुआत
दौरे का आगाज पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला से होगा। पहला और दूसरा मुकाबला क्रमशः 22 और 24 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च के हैगले ओवल में खेला जाएगा। तीसरा टी20 मैच 27 अक्टूबर को वेलिंगटन में आयोजित होगा। इसके बाद चैथा मुकाबला 30 अक्टूबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में और अंतिम टी20 मैच 1 नवंबर को हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेला जाएगा।
वनडे सीरीज में पांच मुकाबलों का रोमांच
टी20 श्रृंखला के बाद दोनों टीमें पांच वनडे मैचों की सीरीज में आमने-सामने होंगी। पहला वनडे 4 नवंबर को ऑकलैंड में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा मुकाबला 7 नवंबर को वेलिंगटन और तीसरा 10 नवंबर को हैमिल्टन में होगा। चैथा और पांचवां वनडे क्रमशः 13 और 15 नवंबर को टौरंगा स्थित बे ओवल मैदान में खेले जाएंगे।

टेस्ट क्रिकेट का भी मिलेगा भरपूर रोमांच
सीमित ओवरों की क्रिकेट के बाद दोनों देशों के बीच दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला खेली जाएगी। पहला टेस्ट 19 से 23 नवंबर तक वेलिंगटन के ऐतिहासिक बेसिन रिजर्व मैदान पर होगा। दूसरा और अंतिम टेस्ट 27 नवंबर से 1 दिसंबर तक क्राइस्टचर्च के हैगले ओवल में आयोजित किया जाएगा। इसी मुकाबले के साथ यह बहुप्रतीक्षित दौरा समाप्त होगा।
प्रसारण और टिकटों को लेकर बढ़ी उत्सुकता
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने यह भी घोषणा की है कि स्काई न्यूजीलैंड अगले छह वर्षों तक उसके घरेलू मुकाबलों का आधिकारिक प्रसारण साझेदार रहेगा। स्काई स्पोर्ट्स के कंटेंट प्रमुख गैरी बर्चेट ने कहा कि भारत का दौरा वैश्विक क्रिकेट का सबसे बड़ा आकर्षण है और इसे दर्शकों तक शानदार अनुभव के साथ पहुंचाया जाएगा। श्रृंखला के टिकटों की भारी मांग की संभावना जताई गई है। प्रशंसकों को अगस्त से शुरू होने वाली विशेष सदस्य प्री-सेल के लिए पहले से पंजीकरण कराने की सलाह दी गई है।
प्रतिस्पर्धा का रहा है शानदार इतिहास
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पिछले कुछ वर्षों में कई यादगार मुकाबले खेले गए हैं। 2019 विश्व कप सेमीफाइनल, 2021 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल, 2023 विश्व कप सेमीफाइनल और हाल के आईसीसी टूर्नामेंटों में दोनों टीमें कई बार एक-दूसरे के खिलाफ उतरी हैं। यही वजह है कि 2026 का यह दौरा क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक और रोमांचक अध्याय साबित होने की उम्मीद है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
