एशियाड में भारत का दमदार प्रदर्शनः : The trio of Tilottama, Vidarsa, and Aashi won silver in the women's 50m rifle 3-position event.

नई दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 में भारत का धमाकेदार प्रदर्शन जारी है। स्पर्धा के सातवें दिन भारत ने शूटिंग में एक और शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम इवेंट में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। तिलोत्तमा सेन, विदरसा विनोद कोचलुमकल और आशी चैकसे की भारतीय तिकड़ी ने क्वालिफिकेशन राउंड में कुल 1763 अंक हासिल किए। चीन ने 1773 अंकों के साथ गोल्ड और कजाकिस्तान ने 1754 अंकों के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।
तीनों पोजीशन में भारतीय निशानेबाजों का दमदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को नीलिंग, प्रोन और स्टैंडिंग पोजीशन में 20-20 शॉट खेलने थे। तीनों भारतीय निशानेबाजों के संयुक्त स्कोर ने भारत को पदक की दौड़ में बनाए रखा।
तिलोत्तमा सेन ने पूरे क्वालिफिकेशन में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया। नीलिंग और प्रोन राउंड के बाद वह शीर्ष तीन निशानेबाजों में पहुंच गई थीं। उन्होंने कुल 590 अंक हासिल करते हुए व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में तीसरा स्थान हासिल किया और आठ खिलाड़ियों वाले फाइनल में जगह बनाई।
विदरसा ने की शानदार वापसी
विदरसा विनोद कोचलुमकल के लिए शुरुआत आसान नहीं रही। नीलिंग राउंड में कुछ मुश्किलों के कारण वह पीछे चली गईं, लेकिन इसके बाद प्रोन और स्टैंडिंग पोजीशन में उन्होंने मजबूत वापसी की। विदरसा ने 588 अंक के साथ छठा स्थान हासिल किया और व्यक्तिगत फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
आशी चैकसे का टीम मेडल में अहम योगदान
आशी चैकसे को व्यक्तिगत फाइनल में जगह नहीं मिल सकी। स्टैंडिंग सीरीज में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं होने के बावजूद उन्होंने कुल 585 अंक बनाए और 15वें स्थान पर रहीं। हालांकि, उनके स्कोर ने टीम के कुल 1763 अंक में अहम योगदान दिया, जिससे भारत को सिल्वर मेडल हासिल हुआ।
चीन ने जीता टीम गोल्ड
टीम क्वालिफिकेशन में चीन ने 1773 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। चीन की हान जियायू ने व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में 594 अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया। भारत की तिलोत्तमा 590 अंक के साथ तीसरे और विदरसा 588 अंक के साथ छठे स्थान पर रहीं।
अब भारतीय प्रशंसकों की नजरें व्यक्तिगत फाइनल पर हैं। तिलोत्तमा सेन और विदरसा विनोद कोचलुमकल के पास भारत के लिए एक और पदक जीतने का मौका होगा।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
