मंगलवार, 26 मई 202607:21:59 PM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

आरसीबी बनाम गुजरात टाइटंस : धर्मशाला में होगा ‘फाइनल से पहले का महासंग्राम’, जीतने वाली टीम फाइनल का लेगी टिकट

admin

admin

May 26, 2026
05:57 AM
धर्मशाला में होगा ‘फाइनल से पहले का महासंग्राम’, जीतने वाली टीम फाइनल का लेगी टिकट

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का रोमांच अब अपने चरम पर पहुंच चुका है। मंगलवार को पहले क्वालिफायर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्स की टीमें आमने-सामने होंगी। मुकाबला धर्मशाला के खूबसूरत लेकिन चुनौतीपूर्ण हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा। आज का मुकाबला जो भी टीम जीतेगी वह फाइनल का टिकट कटा लेगी। हालांकि दोनों टीमों के बीच अब तक की भिड़ंत ने हमेशा फैंस को रोमांच से भर दिया है और इस बार भी कांटे की टक्कर तय मानी जा रही है।

बराबरी की टक्कर, आंकड़े भी गवाही दे रहे

आईपीएल इतिहास में आरसीबी और गुजरात टाइटंस के बीच अब तक कुल आठ मुकाबले खेले गए हैं। दिलचस्प बात यह है कि दोनों टीमों ने चार-चार मैच जीतकर बराबरी कायम रखी है। आईपीएल 2026 में भी दोनों टीमों ने एक-दूसरे के खिलाफ एक-एक मुकाबला जीता है। सीजन की पहली भिड़ंत में आरसीबी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात को पांच विकेट से हराया था। हालांकि दूसरी बार गुजरात ने जोरदार वापसी करते हुए आरसीबी को चार विकेट से शिकस्त देकर हिसाब बराबर कर दिया।

ऐसे में पहला क्वालिफायर सिर्फ जीत का मुकाबला नहीं, बल्कि वर्चस्व की लड़ाई भी बन गया है। दोनों टीमें पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेंगी और फैंस को हाई-वोल्टेज क्रिकेट देखने को मिल सकता है।

पहले क्वालिफायर में आरसीबी का पलड़ा भारी

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का रिकॉर्ड पहले क्वालिफायर में काफी मजबूत रहा है। टीम अब तक तीन बार पहला क्वालिफायर खेल चुकी है, जिसमें दो बार जीत हासिल की है। आईपीएल 2025 में आरसीबी ने पंजाब किंग्स को हराकर सीधे फाइनल में जगह बनाई थी। इससे पहले 2016 में टीम ने गुजरात लायंस को हराकर फाइनल का टिकट कटाया था।

हालांकि 2011 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ टीम को हार का सामना करना पड़ा था। बावजूद इसके, बड़े मुकाबलों में आरसीबी का अनुभव उसे मजबूत दावेदार बनाता है।

गुजरात टाइटंस भी कम नहीं

गुजरात टाइटंस ने कम समय में खुद को आईपीएल की सबसे खतरनाक टीमों में शामिल कर लिया है। टीम दो बार पहला क्वालिफायर खेल चुकी है। साल 2022 में Hardik Pandya की कप्तानी में गुजरात ने Rajasthan Royals को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। हालांकि 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ टीम को हार झेलनी पड़ी थी।

इस बार गुजरात की नजर एक बार फिर फाइनल का टिकट हासिल करने पर होगी। टीम के बल्लेबाज और गेंदबाज शानदार फॉर्म में हैं, जिससे मुकाबला और भी दिलचस्प बन गया है।

धर्मशाला में दिखेगा असली दम

धर्मशाला की पिच तेज गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है, जबकि ठंडा मौसम बल्लेबाजों के लिए चुनौती पैदा कर सकता है। ऐसे में जो टीम दबाव को बेहतर तरीके से संभालेगी, वही फाइनल की ओर कदम बढ़ाएगी।

क्रिकेट फैंस की नजर अब इस महामुकाबले पर टिक गई है, जहां एक तरफ आरसीबी अपना दबदबा कायम रखना चाहेगी, तो दूसरी ओर गुजरात टाइटंस इतिहास दोहराने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें