आईपीएल में आज युवा जोश और अनुभवी कौशल की परीक्षा : गुवाहाटी में आमने-सामने होंगे वैभव और बुमराह, एमआई-आरआर के बीच देखने को मिलेगी टक्कर

नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में आज का मुकाबला रोमांच और चुनौती से भरपूर होने वाला है, जहां युवा जोश और अनुभवी कौशल आमने-सामने होंगे। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें खास तौर पर इस बात पर टिकी हैं कि कौन टीम दबाव में बेहतर प्रदर्शन करती है। आईपीएल में आज मुंबई इंडियंस और राजस्थान राॅयल के बीच गुवाहाटी में टक्कर होगी दोनों टीमों के लिए यह मैच बेहद महत्वपूर्ण है। मुंबई पिछली हार से उबरकर वापसी करना चाहेगी, जबकि राजस्थान अपनी जीत की लय को बनाए रखने के इरादे से उतरेगी।
इस मैच में सबसे दिलचस्प टक्कर युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के बीच देखने को मिल सकती है। बुमराह की सटीक यॉर्कर और अनुभव के सामने वैभव की आक्रामक बल्लेबाजी की परीक्षा होगी।
मुंबई के लिए राहत की बात यह है कि कप्तान हार्दिक पांड्या अब फिट हैं और टीम में वापसी कर सकते हैं। उनकी गैरमौजूदगी में टीम को संतुलन की कमी खली थी, खासकर बल्लेबाजी और गेंदबाजी में। पंड्या की वापसी से टीम को मजबूती मिलने की उम्मीद है। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में कौन सी टीम दबाव झेलकर जीत हासिल करती है।
पिछले मुकाबले में एमआई को हार से नहीं बचा सके थे सूर्या
बता दें कि सूर्यकुमार यादव ने पिछले मैच में एमआई की कप्तानी संभाली थी, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके। मुंबई ने उस मैच में ट्रेंट बोल्ट की जगह कॉर्बिन बॉश को मौका दिया था, लेकिन यह फैसला सफल नहीं रहा। बॉश काफी महंगे साबित हुए। वहीं दीपक चाहर ने जरूर किफायती गेंदबाजी की थी।
हार्दिक पंड्या टीम से जुड़े
अब हार्दिक टीम के साथ जुड़ चुके हैं और नेट्स में भी अभ्यास करते दिखे हैं। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि वह राजस्थान के खिलाफ मैदान पर उतर सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो मुंबई को बड़ा फायदा मिलेगा। मुंबई की गेंदबाजी अब तक उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई है। जसप्रीत बुमराह ने किफायती गेंदबाजी जरूर की है, लेकिन उन्हें अभी तक इस सीजन में विकेट नहीं मिला है। वहीं शार्दुल ठाकुर पिछले मैच में काफी महंगे साबित हुए थे. स्पिन विभाग में मिचेल सैंटनर ने अपनी जगह मजबूत कर ली है।
फार्म में आरआर का टाॅप आर्डर
दूसरी ओर राजस्थान रॉयल्स का टॉप ऑर्डर शानदार फॉर्म में है। यशस्वी जायसवाल और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी टीम को तेज शुरुआत दे रहे हैं। इसके बाद ध्रुव जुरेल पारी को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। कप्तान रियान पराग बल्ले से भले अभी बड़ी पारी नहीं खेल पाए हों, लेकिन उनकी कप्तानी की काफी तारीफ हो रही है। राजस्थान की गेंदबाजी भी मजबूत नजर आ रही है। रवि बिश्नोई ने दो मैचों में पांच विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया है। तुषार देशपांडे ने डेथ ओवरों में शानदार गेंदबाजी करते हुए गुजरात के खिलाफ आखिरी ओवर में 10 रन बचाए थे।
वैभव बनाम बुमराह पर रहेगी नजर
इस मुकाबले में सभी की नजर वैभव सूर्यवंशी और जसप्रीत बुमराह पर होगी। वैभव इस सीजन भी कमाल की लय में दिख रहे हैं। वहीं, बुमराह को इस सीजन अपने पहले विकेट की तलाश है। ये भी देखना दिलचस्प होगा की आखिर वैभव सूर्यवंशी बुमराह का सामना कैसे करते हैं।
राजस्थान रॉयल्स की प्लेइंग 11 (संभावित): वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल, रियान पराग (कप्तान), शिमरॉन हेटमायर, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई, बृजेश शर्मा।
मुंबई इंडियंस की प्लेइंग 11 (संभावित): रोहित शर्मा, रयान रिकेल्टन, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, नमन धीर, शार्दुल ठाकुर, मयंक मारकंडे, एएम गजनफर, दीपक चाहर, जसप्रित बुमराह।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
