शनिवार, 14 नवंबर 202611:55:23 PM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

कम उम्र में बड़ी उपलब्धि : वैभव सूर्यवंशी बने सबसे युवा टी-20 कप्तान, जैक वुकुसिक का तोड़ा 17 साल पुराना रिकार्ड, पहले ही मैच में नहीं चला जादू

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 14, 2026
07:33 AM
वैभव सूर्यवंशी बने सबसे युवा टी-20 कप्तान, जैक वुकुसिक का तोड़ा 17 साल पुराना रिकार्ड, पहले ही मैच में नहीं चला जादू

इंदौर। भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे और बेबी बाॅस वैभव सूर्यवंशी ने महज 15 साल की उम्र में ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। शनिवार को उन्होंने पुरुषों के टी20 क्रिकेट इतिहास में सबसे कम उम्र का कप्तान बनने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इंदौर के होलकर स्टेडियम में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 के मुकाबले में सौराष्ट्र के खिलाफ बिहार की कप्तानी संभालते ही वैभव ने इतिहास रच दिया।

15 साल 232 दिन की उम्र में संभाली कप्तानी

वैभव सूर्यवंशी ने 15 साल और 232 दिन की उम्र में बिहार की कप्तानी की। इसके साथ ही उन्होंने क्रोएशिया के जैक वुकुसिक का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वुकुसिक ने 17 साल और 311 दिन की उम्र में अपनी राष्ट्रीय टीम की कप्तानी की थी। वैभव अब पुरुषों के टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में कप्तानी करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

पहले मैच में बल्ले से नहीं चला जादू

ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने के बावजूद वैभव के लिए बतौर बल्लेबाज पहला मुकाबला कुछ खास नहीं रहा। वह 12 गेंदों पर 18 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें सौराष्ट्र के गेंदबाज चेतन सकारिया ने पवेलियन का रास्ता दिखाया। हालांकि, कप्तानी के लिहाज से यह मुकाबला उनके करियर का बेहद महत्वपूर्ण पड़ाव बन गया।

अंडर-19 विश्व कप से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक चमके

वैभव ने इस साल अंडर-19 विश्व कप में भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। इसके बाद उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ अपना अंतरराष्ट्रीय टी20 पदार्पण किया। अब तक खेले गए 10 टी20 मुकाबलों में वह दो अर्धशतकों की मदद से 295 रन बना चुके हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 श्रृंखला में उन्हें सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार भी मिला था।

आगे दोहा में दिखेगा वैभव का जलवा

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सौराष्ट्र के बाद वैभव एक और मुकाबला खेलेंगे। इसके बाद वह दोहा में होने वाले एसीसी राइजिंग स्टार्स इमर्जिंग टूर्नामेंट के लिए भारत-ए की टीम से जुड़ेंगे। 19 नवंबर से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट में उनकी प्रतिभा को एक और बड़ा मंच मिलेगा।

महज 15 साल की उम्र में विश्व रिकॉर्ड बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी ने साफ कर दिया है कि भारतीय क्रिकेट को एक ऐसा युवा सितारा मिल गया है, जिसकी उड़ान अभी और ऊंची होनी बाकी है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें