हिटमैन के नाम बड़ी उपलब्धि : वनडे में बतौर सलामी बल्लेबाज पूरे किए 10 हजार रन, सचिन के बाद ऐसा करने वाले बने दूसरे भारतीय

न्यू चंडीगढ़। न्यू चंडीगढ़ के पीसीए क्रिकेट स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरा और आखिरी वनडे मुकाबला खेला जा रहा है। टॉस जीतकर भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। मुकाबले में रोहित शर्मा ने 2 रन बनाते ही वनडे क्रिकेट में बतौर सलामी बल्लेबाज 10 हजार रन पूरे कर लिए। वह भारत की ओर से यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले सिर्फ सचिन तेंदुलकर ने यह मुकाम हासिल किया था।
दुनिया के चैथे बल्लेबाज बने रोहित
रोहित शर्मा बतौर सलामी बल्लेबाज 10 हजार वनडे रन पूरे करने वाले दुनिया के चैथे बल्लेबाज बन गए हैं। खास बात यह है कि उन्होंने यह उपलब्धि सबसे तेज हासिल की। रोहित ने 202वीं पारी में 10 हजार रन का आंकड़ा पार किया। तीसरे वनडे से पहले उनके नाम 201 पारियों में 9,998 रन दर्ज थे।
दूसरे वनडे में जड़ा था शानदार शतक
रोहित शर्मा का पिछले मुकाबले में प्रदर्शन शानदार रहा था। गुवाहाटी में खेले गए दूसरे वनडे में उन्होंने 75 गेंदों पर 101 रन की दमदार पारी खेली थी। अपनी पारी में रोहित ने 10 चैके और 6 छक्के लगाए थे। उन्होंने शुभमन गिल के साथ पहले विकेट के लिए 255 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की थी। इस साझेदारी की बदौलत भारतीय टीम 406 रन के विशाल लक्ष्य को हासिल करने में सफल रही थी।
शुभमन गिल ने भी रचा था इतिहास
दूसरे वनडे में शुभमन गिल ने भी बल्ले से कमाल किया था। उन्होंने 133 गेंदों पर नाबाद 223 रन की पारी खेली और इस प्रारूप में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने। गिल की इस शानदार पारी ने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
तीसरे वनडे में भारत ने किए तीन बदलाव
तीन मैचों की वनडे श्रृंखला में भारतीय टीम पहले ही 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुकी है। तीसरे मुकाबले के लिए भारतीय टीम की अंतिम एकादश में तीन बदलाव किए गए हैं। नीतीश कुमार रेड्डी की वापसी हुई है, जबकि अंशुल कंबोज को पदार्पण का मौका मिला है। मोहम्मद सिराज को भी अंतिम एकादश में शामिल किया गया है। वहीं रवींद्र जडेजा, आकिब नबी और प्रसिद्ध कृष्णा इस मुकाबले में टीम का हिस्सा नहीं हैं।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
