शुक्रवार, 13 नवंबर 202611:57:12 PM
Download App
Home/बिज़नेस

भारतीय शेयर में बाजार में रौनक : संसेक्स 773 अंक उछलकर हुआ बंद, निफ्टी भी झूमा, बैंकिंग और ऑटो शेयरों ने निवेशकों की कराई चांदी

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 11, 2026
11:17 AM
संसेक्स 773 अंक उछलकर हुआ बंद, निफ्टी भी झूमा, बैंकिंग और ऑटो शेयरों ने निवेशकों की कराई चांदी

मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में फिर रौनक लौट आई है। बुधवार को भी जबरदस्त तेजी देखने को मिली। बैंकिंग तथा वाहन कंपनियों के शेयरों में जोरदार खरीदारी के दम पर घरेलू बाजार हरे निशान में बंद हुआ। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 772.75 अंक यानी 0.95 प्रतिशत की छलांग लगाकर 81,879.40 पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी 210.40 अंक यानी 0.84 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,255.05 के स्तर पर बंद हुआ। बाजार में चैतरफा खरीदारी का माहौल रहा और बैंकिंग शेयर तेजी के सबसे बड़े वाहक बने।

बैंकिंग शेयरों में जोरदार उछाल, सार्वजनिक बैंकों का रहा जलवा

बुधवार के कारोबार में बैंकिंग क्षेत्र ने बाजार को सबसे ज्यादा मजबूती दी। निफ्टी बैंक 1.76 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। वहीं सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का सूचकांक 2.94 प्रतिशत और निजी बैंकों का सूचकांक 1.14 प्रतिशत चढ़ा।

इसके अलावा वाहन क्षेत्र के शेयरों में 2.14 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। उपभोग क्षेत्र 1.23 प्रतिशत, दैनिक उपयोग की वस्तुओं का क्षेत्र 1.13 प्रतिशत, विनिर्माण क्षेत्र 1.06 प्रतिशत और ऊर्जा क्षेत्र 1.03 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए। धातु क्षेत्र में भी 0.96 प्रतिशत की मजबूती रही।

आईटी और दवा कंपनियों के शेयरों में दिखी कमजोरी

जहां अधिकांश क्षेत्रों में तेजी रही, वहीं सूचना प्रौद्योगिकी और दवा कंपनियों के शेयर दबाव में नजर आए। सूचना प्रौद्योगिकी सूचकांक 0.53 प्रतिशत, रियल एस्टेट 0.42 प्रतिशत, दवा क्षेत्र 0.41 प्रतिशत और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र 0.32 प्रतिशत गिरावट के साथ बंद हुए।

छोटी कंपनियों के शेयरों ने भी दिखाई ताकत

बाजार की तेजी केवल बड़ी कंपनियों तक सीमित नहीं रही। मझोली और छोटी कंपनियों के शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 100 सूचकांक 496.55 अंक यानी 0.81 प्रतिशत चढ़कर 61,519.10 पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी स्मॉलकैप 100 सूचकांक 304.30 अंक यानी 1.59 प्रतिशत की तेजी के साथ 19,489.35 पर बंद हुआ।

महिंद्रा, इंडिगो और टाटा स्टील के शेयर चमके

सेंसेक्स की प्रमुख कंपनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंडिगो, ट्रेंट, टाटा स्टील, पावर ग्रिड, आईटीसी, मारुति सुजुकी, एक्सिस बैंक और भारतीय स्टेट बैंक के शेयरों में बढ़त रही। दूसरी ओर टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, आईसीआईसीआई बैंक, टाइटन, एनटीपीसी, इन्फोसिस और टीसीएस के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।

वैश्विक संकेतों ने बढ़ाया निवेशकों का भरोसा

बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों में तेजी और सकारात्मक वैश्विक संकेतों ने भारतीय बाजार को मजबूती दी। हालांकि, ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची रहने की आशंका से सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र के शेयरों पर दबाव बना रहा।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें