महंगाई के मोर्चे पर लगेगा एक और झटका, : दिसंबर में रेपो रेट बढ़ा सकता है आरबीआई, ईएमआई भरने में जेब होगी ढीली

नई दिल्ली। देश में बढ़ती महंगाई के बीच आम लोगों को एक और झटका लग सकता है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) दिसंबर की बैठक में रेपो रेट में 0.25 प्रतिशत यानी 25 आधार अंकों की बढ़ोतरी कर सकती है। एसबीआई रिसर्च की एक रिपोर्ट में यह अनुमान जताया गया है। हालांकि, रिपोर्ट में ब्याज दरों में 0.50 प्रतिशत की बड़ी बढ़ोतरी की संभावना से इनकार किया गया है। इसके मुताबिक, मौजूदा 5.50 प्रतिशत रेपो रेट बढ़कर 5.75 प्रतिशत तक पहुंच सकती है।
6.09 फीसदी पर पहुंची खुदरा महंगाई, आरबीआई की तय सीमा से बाहर
रेपो रेट में संभावित बढ़ोतरी की सबसे बड़ी वजह खुदरा महंगाई में आया उछाल माना जा रहा है। सरकार की ओर से गुरुवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09 प्रतिशत हो गई है। नई सीरीज लागू होने के बाद यह पहला मौका है, जब महंगाई दर भारतीय रिजर्व बैंक की निर्धारित 2 से 6 प्रतिशत की सीमा को पार कर गई है।
एसबीआई रिसर्च का अनुमान है कि अगले महीने भी महंगाई दर 6 प्रतिशत से ऊपर रह सकती है। हालांकि, इसके बाद इसमें गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
विदेशी निवेश में तेजी और वैश्विक दबाव में राहत के संकेत
रिपोर्ट के मुताबिक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को लेकर निवेशकों की धारणा में सुधार से भारत का सापेक्ष मूल्यांकन बेहतर हुआ है। इससे विदेशी संस्थागत निवेशकों यानी एफआईआई के निवेश को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। 6 नवंबर से अब तक एफआईआई का निवेश लगभग 7.65 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है।
इसके अलावा अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने की संभावनाओं से कच्चे तेल की कीमतों को लेकर भी स्थिति बेहतर हुई है। अमेरिकी चुनावों के बाद कच्चे तेल की कीमतों में 11 प्रतिशत की गिरावट आई है। रिपोर्ट में इसके औसतन 87 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
