असम में मौत का मंजर: : कांजीपुरा में यात्रियों से भरा ट्रैवलर और ट्रक में घुसा, २३ की मौत, कई गंभीर घायल, वाहन के उड़े परखच्चे

गुवाहाटी। असम के काजीरंगा क्षेत्र में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां पर एक ट्रक और यात्रियों से भरी ट्रैवलर की आमने-सामने टक्कर में 23 लोगों की मौत गई है। वहीं कई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। इनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान और उनकी पूरी जानकारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। यह हादसा गोलाघाट जिले में काजीरंगा नेशनल पार्क के पास हुआ।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यात्रियों से भरी पैसेंजर गाड़ी बोकाखात से नागांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान रोंगाजन के पास सामने से आ रहे एक ट्रक से उसकी जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि ट्रैवलर के परखच्चे उड़ गए. कई लोग ट्रैवलर के अंदर फंसे हुए भी बताए जा रहे हैं। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत और बचाव अभियान चलाया।
घायलों को निकालने करनी पड़ी मशक्कत
दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घायलों को बाहर निकालने के लिए बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए अभियान चलाया गया। घायलों को तत्काल कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। कुछ घायलों की स्थिति को लेकर तत्काल स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।
छात्रों के बड़ी संख्या में होने की आशंका
प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त पैसेंजर गाड़ी में अधिकांश यात्री युवा थे और उनमें बड़ी संख्या विद्यार्थियों की बताई जा रही है। इस जानकारी के सामने आने के बाद इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। हालांकि, प्रशासन ने अभी तक मृतकों और घायलों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों का सत्यापन करने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा तेज रफ्तार, कम दृश्यता, चालक की लापरवाही या किसी अन्य वजह से हुआ। वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल की स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं। पुलिसकर्मियों की टीमें बचाव कार्य में सहयोग करने के साथ यातायात व्यवस्था संभाल रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
