पीएम मोदी टैप करा रहे मेरा फोन : राहुल ने लगाया सनसनीखेज आरोप, खुली बहस की फिर दी चुनौती

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने शुक्रवार को दावा किया है कि पीएम मोदी मेरा फोन टैप करा रहे हैं। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी दावा किया की उनके सभी आरोपों के सबूत उनके मोबाइल फोन पर मौजूद हैं। इस आरोप के साथ ही उन्होंने फिर से पीएम को को खुली बहस की चुनौती दी है।
राहुल ने हाथ में मोबाइल लेकर एक वीडियो शेयर किया। जिसमें कहते दिखाई दे रहे हैं कि इसका सबूत यहां है। मेरे इस फोन में है। प्रधानमंत्री को इसकी जानकारी है, क्योंकि वह मेरा फोन टैप करवाते हैं। राहुल ने सवाल उठाया कि आखिर विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन काम कर रहा है और देश विरोधी गतिविधियों में कौन तथा कब से शामिल है? जिस दिन वह आमने-सामने की बहस के लिए आएंगे, उस दिन सभी को पता चल जाएगा कि विदेशी ताकतों के नियंत्रण में कौन है, देशविरोधी कौन है और वह कब से देशविरोधी गतिविधियों में शामिल है।
संसद में माइक बंद, इसलिए चाहिए सीधी बहस
इंस्टाग्राम पर आस्क मी सेशन के दौरान राहुल गांधी से पूछा गया कि जब बीजेपी संसद में बहस के लिए तैयार है तो वह सार्वजनिक बहस की मांग क्यों कर रहे हैं? इस पर राहुल ने संसद की कार्यवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें सदन में अपनी बात रखने का पर्याप्त मौका नहीं दिया जाता और कई बार उनका माइक बंद कर दिया जाता है।
राहुल ने आरोप लगाया कि कृषि कानून, वोट चोरी, एसआईआर, चीन, जनरल नरवणे की किताब और एपस्टीन जैसे संवेदनशील मुद्दों पर उन्हें बोलने नहीं दिया गया। उनका कहना है कि वह घंटों चलने वाले भाषणों की बजाय सीधा सवाल-जवाब चाहते हैं, जहां दोनों नेता एक-दूसरे के सामने अपने आरोप और दावे रख सकें।
अडानी और मोहन भागवत को भी जज बनाने की चुनौती
राहुल गांधी ने बहस का प्रस्ताव रखते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एक तरफ बैठें और वह दूसरी तरफ। दोनों के बीच सीधे सवाल-जवाब हों और देश की जनता फैसला करे कि कौन सच बोल रहा है। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर गौतम अडानी या आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को बहस का जज बनाया जाता है, तब भी उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
