सिर्फ अमीर देश बनना विकसित भारत नहीं : रक्षा मंत्री ने युवाओं को दिया संदेश, राजनीति करने वालों को भी दी नसीहत

नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को ब्रह्माकुमारीज की स्थापना के 90 वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में युवाओं को बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना सिर्फ आर्थिक आंकड़ों और पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था तक सीमित नहीं होना चाहिए। विकसित भारत का असली मतलब ऐसा समाज तैयार करना है, जहां संस्कार, ईमानदारी, सद्भाव, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना हो।
रक्षा मंत्री ने ने स्पष्ट किया कि विकसित भारत का सपना आर्थिक तरक्की से कहीं व्यापक है। इसके लिए देश के नागरिकों के चरित्र, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत करना भी जरूरी है। वहीं उन्होंने राजनीति की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि प्रतिनिधियों को अपने लेते समय केवल राजनीतिक लाभ के बारे में नहीं सोचना चाहिए, बल्कि यह भी देखना चाहिए कि उनके निर्णयों से समाज को कितना फायदा होगा।
राजनीति केवल सत्ता हासिल करने का माध्यम नहीं
उन्होंने कहा, हम यह न सोचें कि अगला चुनाव कैसे जीता जाएगा, बल्कि यह सोचें कि अगली पीढ़ी का भविष्य कैसे बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजनीति केवल सत्ता हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य को दिशा देने का जरिया है। राज-काज का संचालन नीति और नैतिकता के आधार पर होना चाहिए।
आध्यात्मिकता से मजबूत होगा राष्ट्र का चरित्र
रक्षा मंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना ऐसे देश का है, जहां नागरिक ईमानदार हों, परिवारों में संस्कार हों, समाज में सद्भाव हो, महिलाओं का सम्मान हो और युवाओं में अनुशासन हो। उन्होंने आध्यात्मिक विकास को राष्ट्रीय चरित्र निर्माण से जोड़ते हुए कहा कि अध्यात्म केवल व्यक्तिगत मुक्ति का रास्ता नहीं, बल्कि बेहतर समाज और राष्ट्र बनाने का आधार भी है। शिक्षा, विचार, वाणी, कर्म और राजनीति में नैतिक मूल्यों का समावेश होना चाहिए।
युवाओं को तकनीक के साथ विवेक भी जरूरी
राजनाथ सिंह ने युवाओं को आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को लेकर भी महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि तकनीक का उपयोग जरूर करें, लेकिन उसे अपने ऊपर हावी न होने दें। दुनिया से जुड़ें, लेकिन अपनी सांस्कृतिक जड़ों को न भूलें। उन्होंने युवाओं से कहा कि केवल करियर बनाने पर ध्यान देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि चरित्र निर्माण को भी उतनी ही प्राथमिकता देनी चाहिए।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
