शनिवार, 14 नवंबर 202612:07:16 AM
Download App
Home/देश

MP में हर साल तैयार होंगी एक लाख उन्नत नस्ल की बछिया : पशुपालक सम्मेलन में सीएम मोहन का ऐलान,175 करोड़ की संबल सहायता और 207.48 करोड़ की पेंशन राशि भी अंतरित

admin

admin

Nov 13, 2026
04:08 PM
पशुपालक सम्मेलन में सीएम मोहन का ऐलान,175 करोड़ की संबल सहायता और 207.48 करोड़ की पेंशन राशि भी अंतरित

ग्वालियर। मध्यप्रदेश को देश का सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक राज्य बनाने के लिए सरकार अब पशुधन संवर्धन पर विशेष जोर देगी। प्रदेश में हर साल एक लाख उन्नत नस्ल की बछिया तैयार कर किसानों को उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दी जा सके। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि खेती के साथ पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को अपनाकर किसान अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के हर किसान के घर में समृद्धि आए और मध्यप्रदेश दूध उत्पादन में देश में पहले स्थान पर पहुंचे। मुख्यमंत्री शुक्रवार को ग्वालियर जिले के ग्राम कुलैथ में विशाल पशुपालक सम्मेलन एवं पशु मेले का शुभारंभ कर रहे थे।

9 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ तीसरे स्थान पर मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में मध्यप्रदेश देश के कुल दुग्ध उत्पादन में लगभग 9 प्रतिशत योगदान के साथ तीसरे स्थान पर है। प्रदेश में ढाई करोड़ से अधिक पशुधन है, जिसमें एक करोड़ से अधिक गौवंश शामिल हैं। इसके बावजूद दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की व्यापक संभावनाएं हैं। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने प्रदेश को एक लाख उन्नत नस्ल की बछिया उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। इन्हें किसानों को देकर नस्ल सुधार और दूध उत्पादन बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात में मध्यप्रदेश की तुलना में कम पशुधन होने के बावजूद वहां दूध उत्पादन अधिक है। प्रदेश को मिल्क कैपिटल बनाने के लिए इसी दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

55 जिलों में बलराम कृषि महोत्सव, पशुपालकों को पुरस्कार

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के सभी 55 जिलों में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किए गए हैं। वृंदावन ग्रामों में गोवर्धन पूजा के अवसर पर उत्कृष्ट दुधारू पशुओं की प्रतियोगिताएं कराई गईं। विजेता पशुपालकों को ट्रैक्टर, बुलेट मोटरसाइकिल, स्कूटी और नकद पुरस्कार दिए गए। टेकनपुर के पशुपालक रामवीर सिंह को गोपाल कृष्ण पुरस्कार योजना में एक लाख रुपये का प्रथम पुरस्कार मिला। उनकी गाय प्रतिदिन 14 लीटर दूध देती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पशुपालन के साथ बकरी पालन और कुक्कुट पालन भी किसानों की आय बढ़ाने के प्रभावी माध्यम हैं।

175 करोड़ की संबल सहायता, 34.58 लाख लोगों को पेंशन

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक से मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के सात हजार से अधिक श्रमिकों के खातों में 175 करोड़ रुपये की सहायता राशि अंतरित की। वहीं सामाजिक सुरक्षा एवं दिव्यांगजन पेंशन योजना के 34.58 लाख से अधिक हितग्राहियों को 207.48 करोड़ रुपये की पेंशन राशि भी हस्तांतरित की।

पांच शहरों में 10 हजार क्षमता की गौशालाएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि उज्जैन, इंदौर, भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर में 10 हजार पशुओं की क्षमता वाली गौशालाएं तैयार की गई हैं। गौपालन के साथ प्राकृतिक और जैविक खेती को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार बीज से खेत और खेत से निर्यात तक किसानों को हर स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें