छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरें : कैबिनेट के बड़े फैसले, बारिश का अलर्ट, कबीर जयंती पर मांस बिक्री प्रतिबंध और NIA कोर्ट का फैसला

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में ग्रामीण विकास, रोजगार और हरित ऊर्जा से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। वहीं मौसम विभाग ने प्रदेश में बारिश बढ़ने का अनुमान जताया है। दूसरी ओर रायपुर में कबीर जयंती के अवसर पर मांस-मटन बिक्री पर रोक लगाने का आदेश जारी किया गया है। बिलासपुर की विशेष एनआईए अदालत ने माओवादी संबंधों के मामले में गिरफ्तार चार आरोपियों को जमानत दे दी है।
ग्रामीणों को मिलेगा 125 दिन रोजगार
कैबिनेट ने “विकसित भारत-रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण)” योजना को मंजूरी दी है। इसके तहत पात्र ग्रामीण परिवारों के वयस्क सदस्यों को हर वित्तीय वर्ष में 125 दिनों के अकुशल श्रम आधारित रोजगार की गारंटी मिलेगी। योजना के लिए वर्ष 2026-27 में 4 हजार करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।
शुरू होगी ‘अटल आजीविका समृद्धि हाट’ योजना
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सरकार ने अटल आजीविका समृद्धि हाट योजना शुरू करने का फैसला किया है। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में उत्पादन, प्रसंस्करण, सेवा और विपणन केंद्र विकसित किए जाएंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
कम्प्रेस्ड बायोगैस नीति को मंजूरी
मंत्रिपरिषद ने छत्तीसगढ़ कम्प्रेस्ड बायोगैस (सीजी-सीबीजी) नीति 2026 को भी स्वीकृति दी। इस नीति के माध्यम से कृषि अवशेष, पशुधन अपशिष्ट और नगरीय कचरे का उपयोग कर स्वच्छ ईंधन तैयार किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इससे पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था दोनों को लाभ मिलेगा।
प्रदेश में बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। कई जिलों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। मानसून की सक्रियता बढ़ने से तापमान में गिरावट और गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।
कबीर जयंती पर मांस-मटन बिक्री रहेगी बंद
रायपुर नगर निगम ने 29 जून को कबीर जयंती के अवसर पर शहर की सभी मांस-मटन दुकानों और बूचड़खानों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सामान जब्त करने सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
माओवादी संबंध मामले में चार आरोपियों को जमानत
बिलासपुर स्थित विशेष एनआईए अदालत ने प्रतिबंधित माओवादी संगठन से कथित संबंध रखने के आरोप में गिरफ्तार चार आरोपियों की जमानत याचिकाएं मंजूर कर ली हैं। अदालत ने गिरधर नाग, सुकारू राम कोरसा, संदेव पोड़यामी और शंकर कोरसा को निर्धारित शर्तों के साथ रिहा करने का आदेश दिया है।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
