वर्दी में ऑटो चालक : बिलासपुर में पुलिस ने डेडलाइन तय कर दी, 7 दिन बाद खाकी में नजर आएंगे सभी चालक

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में जल्द ही ऑटो चालक वर्दी में आटो चलाते नजर आएंगे। इसके लिए पुलिस ने डेडलाइन तय कर दिया है। शराब पीकर या नशे की हालत में आटो ना चलाने की सख्त हिदायत पुलिस ने दी है। इस तरह की शिकायत मिलने पर मोटर व्हीकल एक्ट के अलावा सीधे एफआईआर दर्ज की जाएगी. वहीं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों एवं संदिग्ध आचरण वाले व्यक्तियों की संलिप्तता कई प्रकार के अवैध गतिविधियों में होती है, ऐसे में क्षद्म रूप में किसी भी स्वरूप में हो सकते है। इनके सवारी गाड़ियों के रूप में ऑटो का भी आश्रय लिया जा सकता है निर्धारित समयसीमा के बाद यदि कोई ऑटो चालक बिना वर्दी के वाहन चलाते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, सड़कों पर सघन जांच अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आर्थिक दंड के साथ वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी प्रशासन ने चालकों से यह भी अपील की है कि वो महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों के साथ मर्यादित और संवेदनशील व्यवहार करें, जिससे सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित हो सके।
सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें
-इन नियमों का उल्लंघन पड़ेगा भारी
-खाकी यूनिफार्म पहनना अनिवार्य
-सभी वैध दस्तावेज साथ रखना जरूरी
-नशे में वाहन चलाना प्रतिबंधित
-बेतरतीब पार्किंग पर वाहन जब्त
-नंबर प्लेट स्पष्ट और बड़े आकार में अनिवार्य
-नो-पार्किंग/नो-एंट्री में वाहन खड़ा करना दंडनीय
-मोबाइल उपयोग और लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग वर्जित
-यात्रियों के प्रति मर्यादित व्यवहार आवश्यक
-घटना के बाद लिया गया फैसला
यातायात नियमों एवं यातायात सुरक्षा मानकों एवं मापदंडों का उल्लंघन करने वाले ऑटो चालकों पर बीते 2 दिन में 200 से अधिक और माह अप्रैल में 516 ऑटो चालकों पर सख्त कार्यवाही की गई है। आईटीएमएस के माध्यम से भी लगातार ऐसे वाहन चालकों पर निगरानी रखते हुए सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। नेक्स्ट जेन एम परिवहन पोर्टल से भी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों के द्वारा ऐसे ऑटो चालकों पर कार्यवाही की जा रही है। शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त इलाकों में ऑटो की अव्यवस्थित पार्किंग से जाम की समस्या बढ़ रही है। इसे देखते हुए प्रशासन ने अब सख्ती बरतने का निर्णय लिया है।
पुलिस की सख्ती
निर्धारित स्टैंड के बाहर वाहन खड़ा करने पर सीधी जब्ती
मौके पर चालान के बजाय सीधे कोर्ट में पेशी
नो-पार्किंग और नो-एंट्री जोन में सख्त कार्रवाई
इलेक्ट्रिक ऑटो के लिए विशेष निर्देश
ई-रिक्शा चालकों को नंबर प्लेट बड़े आकार और स्पष्ट अक्षरों में लिखवाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पहचान में आसानी हो सके।
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
