पुलिस से मारपीट, फिर निकला जुलूस : सड़क हादसे के बाद बवाल, डायल-112 टीम से मारपीट करने वाले 8 आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने नगर में निकाला जुलूस

लोकेशन - प्रतापपुर रिपोर्टर - राजा खान TV27NEWS
प्रतापपुर।छत्तीसगढ़ के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के बैकोना गांव में सड़क हादसे के बाद पुलिस टीम के साथ मारपीट करना ग्रामीणों को भारी पड़ गया। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को पुलिस ने सभी आरोपियों का प्रतापपुर नगर में जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपी "अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है" जैसे नारे लगाते नजर आए।
पुलिस से मारपीट, फिर निकला जुलूस
घटना शुक्रवार रात की है, जब प्रतापपुर-सेमरसोत मार्ग पर खड़े एक ट्रक से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि बाद में जब पुलिस टीम दोबारा घटनास्थल पर पहुंची, तब वहां मौजूद कुछ ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया।
हादसे के बाद बवाल, 8 आरोपी गिरफ्तार
ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस की चेकिंग और ट्रक को रोके जाने की कार्रवाई के कारण यह हादसा हुआ। इसी बात को लेकर आक्रोशित लोगों ने डायल-112 में तैनात आरक्षक निशांत टोप्पो और वाहन चालक के साथ मारपीट कर दी।स्थिति यहीं नहीं रुकी। गुस्साए लोगों ने घटनास्थल पर खड़े ट्रक में भी आग लगा दी, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रतापपुर पुलिस ने जांच शुरू की और मारपीट तथा आगजनी की घटना में शामिल 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कानून हाथ में लेने वालों को सबक
मंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का प्रतापपुर नगर में जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपियों से कानून का सम्मान करने और अपराध से दूर रहने संबंधी नारे भी लगवाए गए। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सड़क हादसे के बाद उपजे आक्रोश ने हिंसक रूप ले लिया, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून का संदेश देने की कोशिश की है। अब पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
