रायपुर में विधायक पुरंदर मिश्रा से ठगी : आरोपी ने खुद को बताया राष्ट्रीय अध्यक्ष का पीए

रायपुर में साइबर ठगों ने भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा को अपना निशाना बनाया है। आरोपी ने खुद को भाजपा के एक वरिष्ठ नेता का निजी सहायक (पीए) बताकर फोन किया और डीजल भरवाने के नाम पर पैसों की मांग की। भरोसे में लेकर आरोपी ने दो बार में कुल 10 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिए। मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है।
खुद को बताया बड़े नेता का पीए
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने विधायक को फोन कर खुद को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पीए बताया। उसने कहा कि वह भुवनेश्वर जा रहा है और रास्ते में ड्राइवर से विवाद होने के कारण परिवार परेशानी में फंस गया है। इसी बहाने उसने तत्काल आर्थिक मदद मांगी।
विधायक ने किये रुपये ट्रांसफ़र
रुपये ट्रांसफ़र विधायक पुरंदर मिश्रा ने मदद के उद्देश्य से जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के जरिए आरोपी के खाते में 10 हजार रुपए ट्रांसफर करवा दिए। आरोपी ने पहले 4500 रुपए मांगे थे, लेकिन परेशानी की बात सुनकर ज्यादा रकम भेज दी गई।
दोबारा पैसों की मांग की
करीब डेढ़ घंटे बाद आरोपी ने फिर से पैसों की मांग की, जिसके बाद विधायक को शक हुआ। उन्होंने नितिन नवीन के कार्यालय में संपर्क कर जानकारी ली, जहां पता चला कि उस नाम का कोई व्यक्ति वहां कार्यरत नहीं है। इसके बाद ठगी का खुलासा हुआ।
पुलिस जांच में जुटी
मामले में सेवक नारायण मिश्रा की शिकायत पर खम्हारडीह थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मोबाइल नंबर और बैंक खाते के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
विधायक ने लोगो से की शतर्क रहने की अपील की
घटना के बाद विधायक पुरंदर मिश्रा ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान नंबर से पैसे मांगने पर तुरंत भरोसा न करें। पहले संबंधित व्यक्ति की पहचान और जानकारी की पुष्टि जरूर करें, उसके बाद ही किसी तरह का लेनदेन करें।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
