अकेले ही बिताऊंगी आगे की जिंदगी : रिश्तों और नई जिंदगी को लेकर आकांक्षा का बड़ा खुलासा

मुंबई। अभिनेत्री आकांक्षा चमोला ने निजी जिंदगी को लेकर खुलकर बात करते हुए कहा है कि अब वह दोबारा शादी नहीं करना चाहतीं। अभिनेता गौरव खन्ना से अलगाव और अपनी निजी पहचान को लेकर हाल ही में किए गए खुलासों के बाद उन्होंने साफ कहा कि अब वह स्वतंत्र जीवन जीना चाहती हैं और भविष्य में अकेले रहने का फैसला कर चुकी हैं।
करीबी दोस्त के साथ बातचीत में भावुक नजर आईं आकांक्षा
नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो लॉक अपः सच या सजा के हालिया एपिसोड में आकांक्षा अपनी करीबी दोस्त पामेला सेरेना के साथ बातचीत के दौरान भावुक नजर आईं। उन्होंने बताया कि जब उनकी शादी हुई थी, तब वह केवल 24 वर्ष की थीं। इस पर पामेला ने कहा कि उनकी उम्र अभी भी कम है और भविष्य में उन्हें बेहतर जीवनसाथी मिल सकता है। हालांकि आकांक्षा ने इस संभावना को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि उनका मन अब शादी से भर चुका है।
आकांक्षा ने कहा कि अब वह पहली बार अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीना चाहती हैं। उनका सपना है कि उनका अपना घर हो, जहां वह किसी पर निर्भर हुए बिना रहें। उन्होंने कहा कि न वह अपने मायके में रहेंगी और न ही किसी पति के घर, बल्कि अपनी शर्तों पर नई जिंदगी की शुरुआत करेंगी।
निजी पहचान को लेकर कर चुकी हैं बड़ा खुलासा
शो के पिछले जजमेंट डे एपिसोड में आकांक्षा ने अपनी निजी पहचान को लेकर भी बड़ा खुलासा किया था। उन्होंने बताया कि वह उभयलिंगी (बायसेक्शुअल) हैं और शादी से पहले महिलाओं के साथ भी रिश्तों में रह चुकी हैं। उन्होंने कहा कि भले ही वे रिश्ते बहुत अधिक अंतरंग नहीं थे, लेकिन महिलाओं के साथ उन्हें अधिक सहजता और भावनात्मक जुड़ाव महसूस होता था।
सोशल मीडिया में चर्चा का विषय बना आकांक्षा का बयान
आकांक्षा के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनकी काफी चर्चा हो रही है। कई लोगों ने उनके साहस की सराहना की, जबकि कुछ ने उनके निजी जीवन को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं। अभिनेत्री ने हालांकि स्पष्ट किया कि उन्होंने अपने जीवन के अनुभवों को ईमानदारी से साझा किया है और अब वह बिना किसी दबाव के अपनी पसंद के अनुसार जीवन जीना चाहती हैं।
लॉक अपः सच या सजा के दूसरे सीजन में कई चर्चित कलाकार हिस्सा ले रहे हैं। शो में प्रतियोगियों को विभिन्न टास्क पूरे कर इन-गेम करेंसी अर्जित करनी होती है, जिसके आधार पर उन्हें भोजन और अन्य सुविधाएं मिलती हैं। निजी जिंदगी से जुड़े खुलासों के कारण यह सीजन लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
